महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन की तैयारी कर रही भाजपा, सत्ता में बने रहने की कोशिश: अखिलेश यादव

संभल। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने परिसीमन विधेयक को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। शनिवार को संभल में उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महिला आरक्षण के बहाने लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों का परिसीमन कराना चाहती है, ताकि लंबे समय तक सत्ता में बने रहने का रास्ता तैयार किया जा सके।
अखिलेश यादव ने स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी सहित देश का कोई भी राजनीतिक दल महिला आरक्षण के विरोध में नहीं है। सभी को महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने का समर्थन करना चाहिए, लेकिन इसके नाम पर परिसीमन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना उचित नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब देश की आबादी और विभिन्न क्षेत्रों में उसका अनुपात बदल चुका है, तो परिसीमन के लिए पुराने जनगणना आंकड़ों का इस्तेमाल क्यों किया जा रहा है? सरकार को नई जनगणना के आंकड़ों के आधार पर ही परिसीमन की प्रक्रिया शुरू करनी चाहिए।
परिसीमन की प्रक्रिया पर उठाए सवाल
सपा प्रमुख ने कहा कि परिसीमन के दौरान जनता के चुने हुए प्रतिनिधियों की भूमिका प्रभावी नहीं रहने की आशंका है। उनके मुताबिक, परिसीमन समिति में सांसदों को शामिल किए जाने पर भी उन्हें फैसले लेने का अधिकार नहीं होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे सरकार को अपनी मर्जी से लोकसभा क्षेत्रों की सीमाएं तय करने का अवसर मिल सकता है।
अखिलेश ने दावा किया कि भाजपा ने लोकसभा सीटों के नए बंटवारे की रूपरेखा पहले से तैयार कर रखी है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए खतरा बताते हुए सभी राजनीतिक दलों से इस मुद्दे पर एकजुट होकर विरोध करने की अपील की।
NDA के नाम पर भी भाजपा को घेरा
अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार और एनडीए पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा नफरत की राजनीति करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की नाराजगी और बुनियादी समस्याओं से ध्यान हटाने के लिए परिसीमन का मुद्दा उठा रही है।
उन्होंने किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि किसान खाद और डीएपी के लिए परेशान हैं। धान की अच्छी पैदावार के बावजूद उन्हें फसल का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। व्यापारियों को भी चीन से आने वाले सामान के कारण कारोबार में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, युवाओं के सामने रोजगार का संकट है और भर्ती परीक्षाएं रद्द होने से उनमें नाराजगी बढ़ रही है। अखिलेश ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर युवाओं के प्रदर्शन का हवाला देते हुए कहा कि सरकार को इन मुद्दों पर जवाब देना चाहिए।
मतदाता सूची और सीमा सुरक्षा पर भी लगाए आरोप
सपा अध्यक्ष ने उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची से नाम गायब होने के मुद्दे पर भी सवाल उठाए। उन्होंने मुख्यमंत्री और चुनाव आयोग की ओर से सामने आए आंकड़ों में अंतर का हवाला देते हुए चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर चिंता जताई।
इसके साथ ही उन्होंने देश की सीमाओं की सुरक्षा को लेकर केंद्र सरकार पर आरोप लगाए और चीन की कथित घुसपैठ का मुद्दा उठाया। अखिलेश ने कहा कि सरकार को इन गंभीर सवालों का जवाब देना चाहिए, न कि परिसीमन के जरिए जनता का ध्यान भटकाना चाहिए।
गौरतलब है कि अखिलेश यादव का यह बयान संसद के प्रस्तावित विशेष सत्र से पहले आया है। खबर के मुताबिक, सत्र 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक प्रस्तावित है। इसमें महिला आरक्षण को लागू करने से जुड़े विधेयक पर सरकार की ओर से पहल किए जाने की संभावना है।



