हमर छत्तीसगढ़

रघुनाथनगर में CM साय ने दी 71.48 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, रकसगंडा को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की घोषणा

रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शुक्रवार को बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के वाड्रफनगर विकासखंड स्थित रघुनाथनगर में आयोजित करमा महोत्सव में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र को 71 करोड़ 48 लाख रुपये के 694 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 672 कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास और 22 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री ने करमा देव को नमन करते हुए प्रदेशवासियों और क्षेत्र के लोगों को महोत्सव की शुभकामनाएं दीं।

रकसगंडा बनेगा पर्यटन स्थल, वाड्रफनगर में खुलेगा उप पंजीयक कार्यालय

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने वाड्रफनगर में उप पंजीयक कार्यालय भवन बनाने, रघुनाथनगर और बरतीकला में मंगल भवन निर्माण तथा महेवा में विद्युत सब स्टेशन स्थापित करने की घोषणा की। इसके अलावा प्राकृतिक सौंदर्य के लिए प्रसिद्ध रकसगंडा को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।

साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति और परंपराएं प्रदेश की अमूल्य धरोहर हैं। करमा महोत्सव लोकआस्था, प्रकृति के प्रति सम्मान और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ दूरस्थ अंचलों सहित समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

सड़क, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं का होगा विस्तार

मुख्यमंत्री ने जिन प्रमुख कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया, उनमें भगवानपुर-मेंढ़ारी और डिण्डो-विमलापुर-नावाडीह सड़क निर्माण, सात नल-जल योजनाएं, रामानुजगंज अस्पताल में डायलिसिस यूनिट और 12 आंगनबाड़ी भवन शामिल हैं। इसके साथ ही राजपुर में एसडीएम कार्यालय भवन और चान्दो में तहसील कार्यालय भवन के कार्य भी शामिल हैं। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और प्रशासनिक सुविधाएं बेहतर होंगी।

धान खरीदी और किसानों की आर्थिक मजबूती पर जोर

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि किसानों की खुशहाली राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रदेश में किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदा जा रहा है। किसानों को सुविधा देने के लिए इस वर्ष 360 नए धान खरीदी केंद्र भी शुरू किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि दी जाएगी। जिन किसानों की धान उपज प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम होगी, उन्हें भी पूरी आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

68 लाख महिलाओं को मिल रहा महतारी वंदन योजना का लाभ

मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तीकरण को प्रदेश की समृद्धि का आधार बताते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से 68 लाख से अधिक महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये दिए जा रहे हैं। यह राशि महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूती प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण को प्राथमिकता देकर काम कर रही है।

बुजुर्गों के लिए शुरू हुआ विशेष वृद्धजन क्लिनिक

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन की पहल पर शुरू किए गए ‘वृद्धजन क्लिनिक’ का शुभारंभ किया। ‘स्वस्थ वृद्ध, खुशहाल जीवन’ की थीम पर शुरू इस क्लिनिक में वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग पंजीयन काउंटर, चिकित्सकीय जांच और विशेषज्ञ परामर्श की सुविधा मिलेगी।

यहां जेरियाट्रिक फिजियोथेरेपी, इन्फ्रारेड थेरेपी, मसाज चेयर और आयुष चिकित्सा पद्धति के तहत शिरोधारा जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे बुजुर्गों को एक ही स्थान पर कई तरह की स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।

मेगा स्वास्थ्य शिविर में 7,259 लोगों का उपचार

मुख्यमंत्री ने आयोजित मेगा स्वास्थ्य शिविर की सराहना करते हुए कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में लोगों को उनके घर के नजदीक विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना सराहनीय पहल है। उन्होंने शिविर में सेवाएं देने वाले चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों का आभार जताया। शिविर में 7,259 लोगों को उपचार उपलब्ध कराया गया।

‘बालभोग’ से कुपोषण के खिलाफ लड़ाई

कार्यक्रम में कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने जिले में चल रहे विकास कार्यों और नवाचारों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बच्चों में कुपोषण कम करने के लिए जिले में ‘बालभोग’ पहल शुरू की गई है। इसके तहत ग्रामीण महिलाएं रागी, सत्तू और श्रीअन्न से पौष्टिक लड्डू तैयार करती हैं।

पोषण सखियां घर-घर जाकर कुपोषित बच्चों को अपने सामने इन लड्डुओं का सेवन कराती हैं और उनकी पोषण संबंधी प्रगति का रिकॉर्ड रखती हैं। इस पहल से बच्चों के पोषण में सुधार के साथ ग्रामीण महिलाओं की भागीदारी और आजीविका को भी बढ़ावा मिल रहा है।

कार्यक्रम में प्रतापपुर विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते, पूर्व गृहमंत्री एवं वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरामुनि निकुंज, जनपद पंचायत वाड्रफनगर की अध्यक्ष शशि सिंह पोर्ते सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Back to top button