भाजपा ने ओबीसी समाज को दिया वास्तविक सम्मान, मोदी सरकार में बढ़ी भागीदारी: ललित चन्द्राकर

रायपुर। भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री ललित चन्द्राकर ने कहा है कि ओबीसी समाज को राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर वास्तविक सम्मान देने का काम भाजपा ने किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछड़ा वर्ग के उत्थान के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। साथ ही सांसद, विधायक, मंत्री और अन्य जनप्रतिनिधियों के रूप में ओबीसी वर्ग की भागीदारी भी लगातार बढ़ी है।
शनिवार को रायपुर स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में चन्द्राकर ने नई जिम्मेदारी सौंपे जाने पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि एक सामान्य कार्यकर्ता को राष्ट्रीय महामंत्री जैसा महत्वपूर्ण दायित्व मिलना उनके लिए गौरव की बात है। यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ सहित देशभर के उन सभी कार्यकर्ताओं का है, जो पूरी निष्ठा से संगठन के लिए काम करते हैं।
चन्द्राकर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रदेश अध्यक्ष किरण देव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नेतृत्व ने उन पर जो भरोसा जताया है, वे उसे पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे।
कांग्रेस पर साधा निशाना
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए चन्द्राकर ने कहा कि पार्टी ने देश में करीब 60 से 65 वर्षों तक शासन किया, लेकिन जनहित और राष्ट्रहित के लिए अपेक्षित काम नहीं किए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब जनता की नब्ज समझने में नाकाम हो चुकी है और उसकी राजनीति केवल विरोध तक सीमित रह गई है। भाजपा और कांग्रेस के कामकाज की तुलना करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा अपने संकल्पों को पूरा करने में विश्वास रखती है, जबकि कांग्रेस की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है।
देशभर में संगठन को मजबूत करने का संकल्प
नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री ने कहा कि वे देश के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर संगठनात्मक गतिविधियों को गति देंगे। उनका लक्ष्य अधिक से अधिक ओबीसी समाज के लोगों को भाजपा की विचारधारा से जोड़ना और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा में प्रत्येक कार्यकर्ता को उसकी योग्यता और क्षमता के अनुरूप जिम्मेदारी देने की परंपरा है।
पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य खम्मन ताम्रकार, मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक साहू, प्रदेश महामंत्री अशोक सिन्हा और उपकार चंद्राकर, प्रदेश मीडिया प्रभारी छगन साहू तथा सह-प्रभारी श्रवण यदु उपस्थित रहे।



