हमर छत्तीसगढ़

शराब घोटाले में बड़ा खुलासा: अनवर ढेबर के लिए दुबई में खरीदा 200 किलो सोना, चार साल से फरार सुब्बू गिरफ्तार

रायपुर । छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब चार साल से फरार चल रहे आरोपी विकास अडवाल उर्फ सुब्बू को गिरफ्तार किया है। आरोपी को पूछताछ के लिए 30 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है। ईओडब्ल्यू के अनुसार, पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। जांच एजेंसी का दावा है कि सुब्बू ने अनवर ढेबर के लिए दुबई में 200 किलोग्राम से अधिक सोना खरीदा था।

घोटाले की रकम से सोना-चांदी खरीदने का आरोप

ईओडब्ल्यू के मुताबिक, सुब्बू पहले से बुलियन कारोबार से जुड़ा हुआ था। उसने अपने परिचित सराफा कारोबारियों और ज्वेलर्स के माध्यम से कथित शराब घोटाले की रकम से अनवर ढेबर के लिए सोना और चांदी खरीदवाई। अब तक की जांच में 200 किलो से अधिक सोने की खरीद की जानकारी सामने आई है। एजेंसी को आशंका है कि पूछताछ में घोटाले की रकम के निवेश और विदेश में किए गए लेनदेन से जुड़े अन्य खुलासे भी हो सकते हैं।

तीन हजार करोड़ से अधिक की नकदी संभालने में भूमिका

जांच एजेंसी के अनुसार, वर्ष 2019 से 2023 के बीच शराब सिंडिकेट द्वारा कथित तौर पर अवैध तरीके से अतिरिक्त शराब तैयार कराई जाती थी। इसे पार्ट-बी शराब कहा जाता था। इस शराब की बोतलों पर डुप्लीकेट होलोग्राम लगाकर सरकारी दुकानों के माध्यम से बिक्री की जाती थी। बिक्री का रिकॉर्ड सरकारी दस्तावेजों में दर्ज नहीं होता था और नकद रकम अलग रखी जाती थी।

ईओडब्ल्यू का दावा है कि इस अवैध बिक्री और अलग-अलग मदों में कमीशन वसूली से प्राप्त 3,000 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी के प्रबंधन में सुब्बू की महत्वपूर्ण भूमिका थी।

कमीशन वसूली से लेकर हिसाब-किताब तक संभालता था सुब्बू

जांच में सामने आया है कि शराब सिंडिकेट द्वारा डिस्टिलरियों से नियमित आपूर्ति के बदले पार्ट-ए कमीशन और बाजार में हिस्सेदारी तय करने के लिए पार्ट-सी कमीशन वसूला जाता था। इसके अलावा विदेशी शराब कंपनियों से एफएल कमीशन तथा सरकारी शराब दुकानों में कर्मचारी उपलब्ध कराने वाली एजेंसियों से मैनपावर और ओवरटाइम कमीशन लेने का आरोप है।

ईओडब्ल्यू के अनुसार, सुब्बू कमीशन की रकम का हिसाब रखता था और सिंडिकेट के सदस्यों को वसूली तथा बकाया की जानकारी देता था। पार्ट-बी शराब की बिक्री पर उसे प्रति पेटी 50 रुपये कमीशन मिलने की बात भी जांच में सामने आई है।

15 जिलों से नकदी रायपुर पहुंचाने का आरोप

एजेंसी के मुताबिक, 15 जिलों की सरकारी शराब दुकानों से पार्ट-बी शराब की बिक्री से मिलने वाली नकदी सुब्बू के सहयोगियों के माध्यम से रायपुर के गोलछा अपार्टमेंट लाई जाती थी। यहां रकम की गिनती के बाद उसे अनवर ढेबर के बताए लोगों तक पहुंचाया जाता था।

इसके अलावा सिंडिकेट के निर्देश पर सुब्बू ने कथित तौर पर हवाला कारोबारियों सुमित मालू और रवि बजाज के माध्यम से घोटाले की रकम देश के अलग-अलग शहरों में भेजी थी।

हवाला के जरिए दुबई पहुंची रकम, सोने में निवेश

ईओडब्ल्यू के बयान के अनुसार, अनवर ढेबर के कहने पर भारत से हवाला के जरिए दुबई भेजी गई करोड़ों रुपये की रकम के भुगतान के लिए सुब्बू आरोपी खंजन ठक्कर के संपर्क में था। दुबई में इस रकम को सुब्बू ने खुद प्राप्त किया था। जांच एजेंसी का आरोप है कि इसके बाद इस रकम का इस्तेमाल सोने और चांदी की खरीद में किया गया।

अक्टूबर 2022 में परिवार के साथ दुबई हुआ था फरार

ईओडब्ल्यू के अनुसार, शराब घोटाले में कार्रवाई शुरू होने के बाद सुब्बू अक्टूबर 2022 के आसपास अपने परिवार के साथ दुबई चला गया था। एजेंसी ने 17 जनवरी 2024 को इस मामले में अपराध दर्ज किया। पूछताछ के लिए कई बार नोटिस जारी किए गए, लेकिन आरोपी पेश नहीं हुआ। नवंबर 2024 में उसके खिलाफ फरारी में पूरक चालान पेश किया गया। इसके बाद 13 फरवरी 2025 को विशेष न्यायालय, रायपुर ने गैर-जमानती वारंट जारी किया।

ईओडब्ल्यू के अनुरोध पर इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया। इसी के आधार पर दुबई की एनसीबी ने आरोपी को हिरासत में लेकर ईओडब्ल्यू की टीम को सौंपा। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है। एजेंसी को शराब घोटाले की रकम के निवेश, हवाला नेटवर्क और अन्य फरार आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां मिलने की उम्मीद है।

Show More

Related Articles

Back to top button