हमर छत्तीसगढ़

उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा: खाई में गिरी गाड़ी, चालक समेत 9 महिलाओं की मौत

पौड़ी गढ़वाल। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में वाहन चालक समेत नौ महिलाओं की मौत हो गई। दुर्घटना लैंसडौन विधानसभा क्षेत्र के रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाड़ी गांव के पास हुई, जहां एक वाहन अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे का शिकार हुई महिलाएं स्वयं सहायता समूह से जुड़ी थीं और बैंक का काम पूरा कर अपने गांव लौट रही थीं।

जानकारी के मुताबिक, रिखणीखाल विकासखंड के कोटनाली-भंगलवाण गांव की स्वयं सहायता समूह की महिलाएं बैंक से जुड़े काम के सिलसिले में सिद्धखाल गई थीं। काम निपटाने के बाद वे वाहन से वापस गांव लौट रही थीं। इसी दौरान कलवाड़ी गांव के समीप वाहन अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन सवारों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

ग्रामीणों और प्रशासन ने चलाया रेस्क्यू अभियान

हादसे की खबर मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीण सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में जुट गए। सूचना मिलने पर रिखणीखाल, लैंसडौन और कोटद्वार से प्रशासनिक अधिकारी भी मौके के लिए रवाना हुए। ग्रामीणों, पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने मिलकर रेस्क्यू अभियान चलाया।

मुख्यमंत्री धामी ने जताया दुख

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कलवाड़ी, रिखणीखाल में हुई दुर्घटना की खबर अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए ईश्वर से उन्हें इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने और घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। गंभीर रूप से घायल लोगों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाने के लिए भी कहा गया है।

अल्मोड़ा में कैंटर खाई में गिरा, चालक की मौत

उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में भी शनिवार को एक अन्य सड़क हादसा हुआ। टोटाम-चेरीधार के पास एक कैंटर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना में वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की सूचना प्रत्यक्षदर्शियों ने जिला पुलिस कंट्रोल रूम को दी। इसके बाद भिकियासैंण से एसडीआरएफ की टीम अपर उप निरीक्षक सुंदर बोरा के नेतृत्व में घटनास्थल पहुंची। टीम ने खाई में उतरकर काफी मशक्कत के बाद चालक का शव बाहर निकाला।

मृतक की पहचान 35 वर्षीय हीरा सिंह के रूप में हुई है। वह चमोली जिले के नंदप्रयाग घाट का निवासी था। एसडीआरएफ ने शव पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Show More

Related Articles

Back to top button