हमर छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस पर CM विष्णुदेव साय ने दी बधाई, बोले- हमारी माटी की पहचान और स्वाभिमान है छत्तीसगढ़ी

रायपुर । छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ी भाषा को प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान, परंपराओं और स्वाभिमान का प्रतीक बताते हुए इसके संरक्षण और संवर्धन पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ी भाषा में प्रदेश की माटी की खुशबू, पूर्वजों के संस्कार और यहां के लोगों की आत्मीयता समाहित है। यह केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

लोकगीतों और परंपराओं में बसती है छत्तीसगढ़ी की मिठास

सीएम साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लोकगीत, लोककथाएं, तीज-त्योहार और पारंपरिक रीति-रिवाज छत्तीसगढ़ी भाषा की मिठास और विशिष्टता को दर्शाते हैं। पीढ़ी दर पीढ़ी यह भाषा हमारी संस्कृति, जीवन मूल्यों और परंपराओं को सहेजते हुए लोगों को अपनी जड़ों से जोड़ने का काम कर रही है।

नई पीढ़ी को मातृभाषा से जोड़ने की अपील

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी भाषा का वास्तविक विकास तभी संभव है, जब उसका अधिक से अधिक इस्तेमाल हो और नई पीढ़ी भी उससे जुड़ाव महसूस करे। उन्होंने लोगों से अपील की कि अपनी मातृभाषा पर गर्व करने के साथ ही इसे दैनिक बोलचाल, साहित्य, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों में भी प्राथमिकता दें।

भाषा के संरक्षण का लें संकल्प

सीएम साय ने प्रदेशवासियों से छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस पर भाषा के सम्मान, संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही छत्तीसगढ़ी भाषा की मिठास और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित पहुंचाया जा सकता है।

Show More

Related Articles

Back to top button