Swiggy Instamart में 340 कर्मचारियों की छंटनी, बढ़ते घाटे और प्रतिस्पर्धा के बीच कंपनी ने बदली रणनीति

क्विक कॉमर्स सेक्टर में बढ़ती प्रतिस्पर्धा और लागत के दबाव के बीच स्विगी के इंस्टामार्ट कारोबार से करीब 340 कर्मचारियों की नौकरी चली गई है। कंपनी ने कारोबारी ढांचे में बदलाव और कामकाज को अधिक कुशल बनाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया है। छंटनी का असर मुख्य रूप से कॉरपोरेट और सपोर्ट फंक्शन से जुड़ी टीमों पर पड़ा है।
यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है, जब इंस्टामार्ट को बढ़ते घाटे के साथ ब्लिंकिट और जेप्टो जैसी कंपनियों से कड़ी चुनौती मिल रही है। इसके अलावा फ्लिपकार्ट मिनट्स और अमेजन नाउ भी क्विक कॉमर्स बाजार में अपनी मौजूदगी मजबूत कर रहे हैं।
कॉरपोरेट और सपोर्ट टीमों पर पड़ा असर
सूत्रों के मुताबिक, कंपनी ने री-स्ट्रक्चरिंग के तहत करीब 340 कर्मचारियों की छंटनी की है। हालांकि, किन विभागों और पदों पर कितने कर्मचारियों की नौकरी गई है, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। कंपनी का उद्देश्य ऑपरेशनल एफिशिएंसी बढ़ाना और लागत को नियंत्रित करना बताया जा रहा है।
यह कदम इंस्टामार्ट की नई CEO नंदिता सिन्हा के कार्यभार संभालने के कुछ महीने बाद आया है। उन्होंने 3 अगस्त को यह जिम्मेदारी संभाली थी। इससे पहले वह फैशन ई-कॉमर्स कंपनी मिंत्रा की प्रमुख थीं।
सितंबर तिमाही में 895 करोड़ रुपये पहुंचा घाटा
इंस्टामार्ट का एडजस्टेड EBITDA घाटा सितंबर तिमाही में बढ़कर 895 करोड़ रुपये हो गया, जबकि जून तिमाही में यह 778 करोड़ रुपये था। हालांकि, इस दौरान मार्जिन में मामूली सुधार दर्ज किया गया। यह -9.8 प्रतिशत से बढ़कर -9.7 प्रतिशत पर पहुंच गया।
दूसरी ओर, कंपनी की नेट ऑर्डर वैल्यू में 13.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई और यह 6,594 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। इस अवधि में इंस्टामार्ट ने 69 नए डार्क स्टोर भी खोले, जिससे इनकी कुल संख्या बढ़कर 1,240 हो गई।
ब्लिंकिट और जेप्टो से मुकाबले के बीच बदली रणनीति
क्विक कॉमर्स सेक्टर में इंस्टामार्ट को ब्लिंकिट, जेप्टो, फ्लिपकार्ट मिनट्स और अमेजन नाउ से मुकाबला करना पड़ रहा है। बाजार में कंपनियों के बीच तेज डिलीवरी, कम कीमत और ग्राहकों को अधिक विकल्प उपलब्ध कराने की प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ रही है।
इसी बीच इंस्टामार्ट अपने प्राइवेट लेबल यानी खुद के ब्रांड पर भी ध्यान दे रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी ने स्नैक्स और बेवरेज के लिए ‘नोइस’ और फल-सब्जियों के लिए ‘नेक्टर’ ब्रांड पेश किए हैं।
कंपनी की रणनीति अब केवल उत्पादों की संख्या बढ़ाने के बजाय ग्राहकों की जरूरत के हिसाब से बेहतर विकल्प उपलब्ध कराने पर केंद्रित है। ऐसे में छंटनी और कारोबारी पुनर्गठन को लागत नियंत्रित करने तथा कारोबार को अधिक कुशल बनाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।



