हमर छत्तीसगढ़

राज्यपाल रामेन डेका ने किया रेडियोलॉजी सम्मेलन का शुभारंभ, बोले- AI चिकित्सक के अनुभव का विकल्प नहीं

रायपुर । राज्यपाल रामेन डेका ने शनिवार को एम्स रायपुर में इंडियन रेडियोलॉजिकल एंड इमेजिंग एसोसिएशन (IRIA) की छत्तीसगढ़ राज्य शाखा के 16वें वार्षिक सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सा क्षेत्र में आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि तकनीक से रोगों की पहचान और उपचार आसान हुआ है, लेकिन यह किसी चिकित्सक के अनुभव, मानवीय संवेदनशीलता और शारीरिक परीक्षण की जगह नहीं ले सकती।

एक्स-रे से MRI तक रेडियोलॉजी का सफर

राज्यपाल ने कहा कि एक्स-रे का आविष्कार चिकित्सा विज्ञान के इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि थी। इसके बाद रेडियोलॉजी के क्षेत्र में लगातार विकास हुआ है। आज एक्स-रे के साथ अल्ट्रासाउंड, एमआरआई और अत्याधुनिक इमेजिंग तकनीकों ने बीमारियों की पहचान और उपचार को अधिक प्रभावी बनाया है।

उन्होंने कहा कि आधुनिक चिकित्सा पद्धति में रेडियोलॉजी की भूमिका लगातार बढ़ रही है। इससे चिकित्सकों को रोगों की स्थिति समझने और सही उपचार तय करने में मदद मिल रही है।

AI और रोबोटिक सर्जरी के साथ मानवीय संवेदना भी जरूरी

डेका ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता, रोबोटिक सर्जरी और आधुनिक चिकित्सा उपकरण स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा दे रहे हैं। हालांकि, इन तकनीकों के प्रभावी इस्तेमाल के पीछे चिकित्सक का ज्ञान, कौशल और अनुभव सबसे महत्वपूर्ण है। इसलिए डॉक्टरों को तकनीक का उपयोग विवेक और संवेदनशीलता के साथ करना चाहिए।

मरीज से संवाद भी उपचार का अहम हिस्सा

राज्यपाल ने कहा कि मरीज का शारीरिक परीक्षण करने, उसकी बात ध्यान से सुनने और उससे संवेदनशीलता के साथ संवाद करने से भरोसा पैदा होता है। केवल आधुनिक जांच तकनीकों पर निर्भर रहने के बजाय चिकित्सकीय अनुभव और सूक्ष्म अवलोकन को भी महत्व देना चाहिए। उन्होंने प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. बिधानचंद्र रॉय का उदाहरण देते हुए चिकित्सा क्षेत्र में अनुभव और चिकित्सकीय अंतर्दृष्टि की अहमियत बताई।

सम्मेलन में देशभर के विशेषज्ञों की मौजूदगी

कार्यक्रम में एम्स रायपुर के कार्यपालक निदेशक एवं सीईओ लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल, IRIA के अध्यक्ष डॉ. पुष्पराज भटले, छत्तीसगढ़ चैप्टर के अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र के. बूधे सहित वरिष्ठ रेडियोलॉजिस्ट, फैकल्टी सदस्य और रेजिडेंट डॉक्टर मौजूद रहे। सम्मेलन में रेडियोलॉजी और इमेजिंग के क्षेत्र में हो रहे नए तकनीकी विकास तथा चिकित्सा सेवाओं में उनकी उपयोगिता पर चर्चा की गई।

Show More

Related Articles

Back to top button