भिलाई के रूंगटा पब्लिक स्कूल के वार्षिक उत्सव में पहुंचे मंत्री ओपी चौधरी, बोले- बच्चों पर टॉपर बनने का दबाव न डालें अभिभावक

दुर्ग । भिलाई स्थित रूंगटा पब्लिक स्कूल के वार्षिक उत्सव में वित्त, वाणिज्यिक कर, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों को बदलते भारत में उपलब्ध नए अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि अब सफलता का दायरा केवल सरकारी नौकरी तक सीमित नहीं है। स्टार्टअप, उद्यमिता, खेल, कला और तकनीक जैसे क्षेत्रों में भी युवाओं के लिए आगे बढ़ने की अपार संभावनाएं हैं।
बच्चों पर नंबरों का दबाव नहीं, उनकी प्रतिभा को पहचानें अभिभावक
मंत्री चौधरी ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों पर स्कूल में टॉपर बनने या अच्छे अंक लाने का अनावश्यक दबाव न बनाएं। इसके बजाय उनकी रुचि, क्षमता और प्रतिभा को समझकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता केवल अंकों से तय नहीं होती, बल्कि आत्मविश्वास, धैर्य, जुनून और असफलताओं से सीखने की क्षमता भी महत्वपूर्ण होती है।
संघर्षों से भरा रहा IAS से राजनीति तक का सफर
अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए ओपी चौधरी ने बताया कि वे एक छोटे से गांव के साधारण परिवार से निकलकर पढ़ाई के लिए भिलाई आए थे। महज आठ वर्ष की उम्र में पिता को खोने के बाद उनकी मां ने कठिन परिस्थितियों में उनका पालन-पोषण और शिक्षा सुनिश्चित की। चौथी कक्षा तक शिक्षित मां के संघर्ष और प्रेरणा से उन्होंने पढ़ाई जारी रखी।
उन्होंने बताया कि 22 वर्ष की उम्र में पहले ही प्रयास में UPSC परीक्षा पास कर IAS अधिकारी बने। इसके बाद करीब 13 वर्षों तक रायपुर, जांजगीर और दंतेवाड़ा सहित विभिन्न जिलों में कलेक्टर और अन्य महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दीं। बाद में उन्होंने प्रशासनिक सेवा छोड़कर राजनीति में कदम रखा।
छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्तर के शैक्षणिक संस्थानों का विस्तार
मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से अवसर बढ़े हैं। प्रदेश में IIT, IIM, IIIT, AIIMS, NIT और नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के साथ NIFT, NIELIT तथा नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थान स्थापित हैं। इन संस्थानों से प्रदेश के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और करियर के नए अवसर मिल रहे हैं।
उन्होंने भिलाई और छत्तीसगढ़ को शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने तथा समय की जरूरत के अनुसार नए पाठ्यक्रम और तकनीकी नवाचारों को बढ़ावा देने के लिए रूंगटा ग्रुप की सराहना की।
कार्यक्रम में वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, रूंगटा ग्रुप के संचालक संजय रूंगटा, संतोष रूंगटा, चतुर्भुज राठी, राजेश चौहान सहित स्कूल के प्राचार्य, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।



