जल जीवन मिशन में धमतरी जिले की उल्लेखनीय उपलब्धि, छत्तीसगढ़ में प्रथम स्थान

धमतरी, जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक परिवार तक स्वच्छ, सुरक्षित एवं पर्याप्त पेयजल पहुंचाने की दिशा में धमतरी जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। हर घर जल अभियान के तहत धमतरी जिला पूरे छत्तीसगढ़ में प्रथम स्थान पर है। जिले के कुल 622 ग्रामों में से लगभग 530 ग्रामों में हर घर जल की उपलब्धि हासिल की जा चुकी है। इस प्रकार जिले के 85 प्रतिशत से अधिक गांवों में ग्रामीण परिवारों को घरेलू नल कनेक्शन के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।

जल जीवन मिशन का उद्देश्य केवल घरों तक नल कनेक्शन पहुंचाना नहीं, बल्कि प्रत्येक ग्रामीण परिवार को नियमित, सुरक्षित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराकर जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाना है। इस दिशा में जिले में जल स्रोतों की उपलब्धता, स्थानीय परिस्थितियों और भविष्य की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए जल प्रदाय व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है।
जल संकट वाले क्षेत्रों में चार बड़ी बहुग्रामीय जल प्रदाय योजनाएं
जिले के ऐसे क्षेत्रों, जहां भूजल स्तर कम होने अथवा गर्मी के मौसम में जल संकट की स्थिति निर्मित होती है, वहां बहुग्रामीय जल प्रदाय योजना (मल्टी विलेज स्कीम) के माध्यम से स्थायी पेयजल व्यवस्था विकसित की जा रही है। जिले में चार प्रमुख योजनाओं का निर्माण किया जा रहा है, जिनसे कुल 219 गांव लाभान्वित होंगे।
इनमें कुरूद विकासखंड की सिर्री बहुग्रामीय जल प्रदाय योजना से 84 गांव, मगरलोड की मेघा योजना से 59 गांव, नगरी की घटुला योजना से 36 गांव तथा नगरी की सांकरा योजना से 40 गांव लाभान्वित होंगे। इन योजनाओं के माध्यम से विश्वसनीय जल स्रोतों से पाइपलाइन नेटवर्क द्वारा अनेक गांवों तक पेयजल पहुंचाया जाएगा। इससे गर्मी के दिनों में जलस्तर कम होने वाले क्षेत्रों में भी पेयजल की स्थायी उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
महिलाओं और बच्चों को मिलेगा समय और श्रम का लाभ
घर-घर नल कनेक्शन की सुविधा से ग्रामीण परिवारों के दैनिक जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा। विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों को दूर स्थित हैंडपंप, कुएं अथवा अन्य जल स्रोतों से पानी लाने में लगने वाले समय एवं श्रम से राहत मिलेगी। बचने वाले समय का उपयोग महिलाएं आजीविका, रोजगार, परिवार की देखभाल और अन्य सामाजिक गतिविधियों में कर सकेंगी। वहीं बच्चों को पढ़ाई एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों के लिए अधिक समय मिल सकेगा।
स्वास्थ्य, स्वच्छता और जीवन स्तर में सुधार
घरों में नियमित एवं सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता से व्यक्तिगत स्वच्छता, घरेलू साफ-सफाई और सुरक्षित पेयजल के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा। इससे ग्रामीण परिवारों के स्वास्थ्य एवं जीवन स्तर में सुधार के साथ गांवों में स्वच्छता संबंधी व्यवहार को भी मजबूती मिलेगी। जल सुरक्षा के साथ-साथ यह पहल महिलाओं के सशक्तीकरण, बच्चों की शिक्षा और ग्रामीण परिवारों की सुविधा बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कहा कि जल जीवन मिशन शासन की प्राथमिकता वाली योजना है, जिसका सीधा संबंध ग्रामीण परिवारों के स्वास्थ्य, सम्मान और जीवन की सहजता से है। धमतरी जिले का राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त करना अधिकारियों, मैदानी अमले, पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जिले के शेष गांवों को भी हर घर जल की सुविधा से जोड़ने के लिए कार्यों की निरंतर निगरानी की जा रही है। जल स्रोतों की स्थिरता, गुणवत्तापूर्ण निर्माण और नियमित जलापूर्ति पर विशेष ध्यान देते हुए धमतरी को पूर्णतः नल-जलयुक्त जिला बनाने की दिशा में प्रभावी प्रयास जारी रहेंगे।
धमतरी जिले में 530 ग्रामों की हर घर जल उपलब्धि तथा 219 गांवों को लाभान्वित करने वाली चार बहुग्रामीय जल प्रदाय योजनाएं ग्रामीण जल सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। यह उपलब्धि ‘हर घर जल’ को जनसुविधा से आगे बढ़ाकर जल सुरक्षा और ग्रामीण विकास का आधार बनाने की जिले की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।



