हमर छत्तीसगढ़

सुशासन और जनसेवा का मंच : नारायणपुर में शिक्षकों ने नुक्कड़ नाटक से जगाई जनकल्याणकारी योजनाओं की अलख

रायपुर, ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत संचालित ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ कार्यक्रम के माध्यम से नारायणपुर जिले में जन-जागरूकता की एक अनूठी और प्रभावी पहल देखने को मिली है। जिले के नगरपालिका क्षेत्र, बेनूर और ओरछा में शिक्षक-शिक्षिकाओं ने पारंपरिक मंच की सीमाओं से बाहर निकलकर सीधे जनता के बीच नुक्कड़ नाटकों का शानदार मंचन किया। जीवंत अभिनय, प्रभावशाली संवादों और स्थानीय संदर्भों के जरिए शासन की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं और एक सुरक्षित, शांतिपूर्ण व विकसित नारायणपुर के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाया गया।  नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से समाज के हर वर्ग से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाया गया।

स्वच्छता अभियान

इसे केवल एक अभियान तक सीमित न रखकर दैनिक जीवन की आदत और स्वस्थ समाज की बुनियाद बनाने का संदेश दिया गया।

ऊर्जा और सुरक्षा

‘पीएम-सूर्य घर योजना’ के जरिए सौर एवं स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने तथा ‘आयुष्मान भारत’ व ‘प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना’ के माध्यम से मुफ्त इलाज और सामाजिक सुरक्षा कवच से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।

आवास एवं रोजगार

जरूरतमंद परिवारों के लिए ‘प्रधानमंत्री आवास योजना’ के तहत पक्के मकान के सपने और ‘पीएम स्वनिधि योजना’ के माध्यम से स्ट्रीट वेंडर्स व छोटे व्यवसायियों को मिलने वाले वित्तीय सहयोग की जानकारी दी गई।

नक्सल-मुक्त और विकसित नारायणपुर का संकल्प

नाटकों के दौरान नक्सल-मुक्त जिला बनाने की दिशा में शांति, शिक्षा, रोजगार और जनभागीदारी की महत्ता को विशेष रूप से रेखांकित किया गया। कलाकारों ने संवादों के जरिए यह संदेश दिया कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय सहभागिता बेहद आवश्यक है।

दैनिक जीवन से जुड़े उदाहरणों और सरल संवाद शैली के कारण विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने इन योजनाओं को आसानी से समझा। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक शासन के लाभों को पहुँचाना और जिले में शांति व प्रगति के वातावरण को मजबूत करना है।

Show More

Related Articles

Back to top button