हमर छत्तीसगढ़

रायपुर में स्वनिधि महोत्सव: डिप्टी CM अरुण साव ने पथ विक्रेताओं से किया संवाद, लाभार्थियों को बांटे चेक

पीएम स्वनिधि योजना से छोटे कारोबारियों को मिल रहा आर्थिक सहारा, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बैंक और नगरीय निकाय हुए सम्मानित

रायपुर। राजधानी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में 14 नवंबर को नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग और राज्य शहरी विकास अभिकरण (सूडा) की ओर से स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव शामिल हुए। उन्होंने पथ विक्रेताओं से सीधे बातचीत कर उनके कारोबार, परिवार और पीएम स्वनिधि योजना से जीवन में आए बदलावों की जानकारी ली।

इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने योजना के लाभार्थियों को चेक, यूपीआई पेमेंट बॉक्स और प्रशस्ति पत्र वितरित किए। साथ ही योजना के क्रियान्वयन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बैंकों, बैंक शाखाओं और नगरीय निकायों को सम्मानित किया गया। महोत्सव में वित्तीय साक्षरता और डिजिटल भुगतान की जानकारी देने के साथ फूड स्टॉल, प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और नुक्कड़ नाटक भी आयोजित किए गए।

पीएम स्वनिधि ने छोटे कारोबारियों को दिया आगे बढ़ने का अवसर: अरुण साव

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेहनतकश लोगों की परेशानियों को समझते हुए पीएम स्वनिधि योजना शुरू की। इस योजना ने छोटे कारोबारियों को साहूकारों पर निर्भरता से बाहर निकालकर बैंकों से जुड़ने और अपना व्यवसाय आगे बढ़ाने का अवसर दिया है। समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति का कल्याण ही विकसित भारत के निर्माण का आधार है।

उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान जब कारोबार बंद हो गए थे और लोगों के सामने रोजगार तथा परिवार चलाने का संकट था, तब प्रधानमंत्री ने सड़क किनारे छोटे-मोटे व्यवसाय करने वालों की चिंता की। इसी उद्देश्य से जून 2020 में पीएम स्वनिधि योजना शुरू की गई, ताकि पथ विक्रेता दोबारा अपना कारोबार खड़ा कर सकें।

तीसरे चरण तक पहुंचकर 50 हजार रुपये का ऋण लेने का लक्ष्य रखें

अरुण साव ने पथ विक्रेताओं से कहा कि वे अपने काम को कभी छोटा न समझें। रेहड़ी, ठेले और सड़क किनारे दुकान लगाकर आजीविका चलाने वाले लोग शहर और प्रदेश की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उनकी मेहनत से परिवारों का भरण-पोषण होता है और शहरों की रोजमर्रा की जरूरतें भी पूरी होती हैं।

उन्होंने लाभार्थियों से कारोबार को आगे बढ़ाने का संकल्प लेने की अपील की। साथ ही कहा कि प्रत्येक लाभार्थी का लक्ष्य योजना के तीसरे चरण तक पहुंचकर 50 हजार रुपये का ऋण प्राप्त करना और अपने व्यवसाय का विस्तार करना होना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले स्वनिधि महोत्सव तक बड़ी संख्या में कारोबारी तीसरे चरण का ऋण प्राप्त कर चुके होंगे और उनके पास यूपीआई क्रेडिट कार्ड भी होगा।

रायपुर में 33 हजार से अधिक पथ विक्रेताओं को मिला लाभ

सांसद लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना के तहत जरूरतमंदों को बिना गारंटर के ऋण उपलब्ध कराया जाता है। समय पर ऋण की किस्त चुकाने वाले लाभार्थियों को सात प्रतिशत ब्याज अनुदान भी मिलता है। उन्होंने इसे आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

महापौर मीनल चौबे ने जानकारी दी कि रायपुर नगर निगम ने वर्ष 2030 तक 53 हजार स्ट्रीट वेंडर्स को योजना का लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। अब तक शहर के 33 हजार से अधिक पथ विक्रेताओं को इसका लाभ मिल चुका है। उन्होंने महिला उद्यमियों से भी योजना का लाभ लेकर अपने कारोबार को आगे बढ़ाने और आर्थिक रूप से सशक्त बनने की अपील की।

छत्तीसगढ़ में 1.23 लाख से अधिक पथ विक्रेता लाभान्वित

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने योजना के उद्देश्यों और प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में एक लाख 23 हजार से अधिक पथ विक्रेता पीएम स्वनिधि योजना का लाभ लेकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं और राज्य व देश की अर्थव्यवस्था में योगदान दे रहे हैं।

उन्होंने नगरीय निकायों और बैंकों से संवेदनशीलता के साथ अधिक से अधिक स्ट्रीट वेंडर्स तक योजना का लाभ पहुंचाने और उन्हें वित्तीय व तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने की अपील की।

कार्यक्रम में सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक मोतीलाल साहू और पुरंदर मिश्रा, महापौर मीनल चौबे, नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौर सहित नगरीय प्रशासन विभाग के संचालक नीलेशकुमार क्षीरसागर, सूडा के सीईओ सुमीत अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि और पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थी मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Back to top button