हमर छत्तीसगढ़

दिल्ली के भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ पवेलियन का शुभारंभ, संस्कृति और उद्योगों की दिखेगी झलक

रेजिडेंट कमिश्नर श्रुति सिंह ने किया उद्घाटन, विभागों, उद्यमियों और स्टार्टअप्स के स्टॉलों का किया निरीक्षण

रायपुर। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ अपनी सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक शिल्प, स्थानीय उत्पादों और औद्योगिक क्षमताओं का प्रदर्शन कर रहा है। इसी कड़ी में राज्य की रेजिडेंट कमिश्नर श्रुति सिंह ने छत्तीसगढ़ पवेलियन का शुभारंभ किया।

उद्घाटन के बाद श्रुति सिंह ने पवेलियन में लगाए गए विभिन्न विभागों, स्टार्टअप्स, उद्यमियों और प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने स्टॉल संचालकों और प्रतिनिधियों से बातचीत कर उनके उत्पादों, सेवाओं, नवाचारों और व्यावसायिक गतिविधियों की जानकारी ली।

युवा उद्यमियों और स्टार्टअप्स के नवाचारों में दिखाई रुचि

रेजिडेंट कमिश्नर ने विशेष रूप से युवा उद्यमियों और स्टार्टअप्स द्वारा प्रस्तुत नए व्यावसायिक विचारों, तकनीक आधारित उत्पादों और नवाचारों में रुचि दिखाई। इस दौरान उन्होंने उद्यमियों के प्रयासों और उनके उत्पादों की व्यावसायिक संभावनाओं पर भी चर्चा की।

छत्तीसगढ़ की संस्कृति और औद्योगिक क्षमता का प्रदर्शन

छत्तीसगढ़ पवेलियन में प्रदेश की समृद्ध जनजातीय एवं सांस्कृतिक विरासत, हस्तशिल्प, पारंपरिक कला, स्थानीय उत्पादों, औद्योगिक उपलब्धियों और उभरते स्टार्टअप इकोसिस्टम को प्रदर्शित किया गया है।

यह पवेलियन राज्य के कारीगरों, लघु उद्यमियों, स्टार्टअप्स और उद्योगों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खरीदारों, निवेशकों और व्यावसायिक प्रतिनिधियों से जुड़ने का अवसर दे रहा है।

व्यापार और निवेश की नई संभावनाओं पर जोर

भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की सहभागिता का उद्देश्य राज्य के उत्पादों और उद्यमों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराना तथा स्थानीय उत्पादों की पहचान बढ़ाना है। इसके साथ ही व्यापार, निवेश और तकनीकी सहयोग की नई संभावनाओं को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

इस आयोजन के जरिए छत्तीसगढ़ के स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक कला और आधुनिक उद्यमिता को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिल रहा है।

Show More

Related Articles

Back to top button