खेल जगत

तेलंगाना में अंडर-19 महिला क्रिकेटर की मौत से मचा हड़कंप, परिजनों ने दो युवकों पर लगाए प्रताड़ना के आरोप

तेलंगाना के विकाराबाद से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। यहां BCCI की अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में चयनित 17 वर्षीय क्रिकेटर नंदिनी की आत्महत्या से मौत हो गई। इस घटना के बाद खेल जगत और स्थानीय इलाके में शोक का माहौल है। वहीं, परिजनों ने नंदिनी की मौत के लिए दो युवकों को जिम्मेदार ठहराते हुए उन पर प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

दो युवकों पर परेशान करने का आरोप

नंदिनी की मौत के बाद उनके परिवार ने आरोप लगाया है कि दो युवक उन्हें लगातार परेशान कर रहे थे। परिजनों के मुताबिक, इनमें से एक युवक कुछ दिनों से उनका पीछा कर रहा था और प्यार के नाम पर उन्हें असहज करता था। वहीं, दूसरा युवक भी इस मामले में उसका साथ देकर नंदिनी को परेशान करता था।

परिवार का कहना है कि लगातार हो रही कथित प्रताड़ना से परेशान होकर नंदिनी ने यह कदम उठाया। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध भी जताया है।

पढ़ाई के साथ क्रिकेट की ट्रेनिंग ले रही थीं नंदिनी

17 वर्षीय नंदिनी तेलंगाना के यलाल मंडल के संगय्यापल्ली गांव की रहने वाली थीं। वह पढ़ाई और क्रिकेट की ट्रेनिंग के लिए विकाराबाद में अपनी दादी के साथ रह रही थीं। क्रिकेट के प्रति उनकी रुचि और मेहनत के चलते हाल ही में उनका चयन BCCI की अंडर-19 टीम में हुआ था।

नंदिनी के चयन से परिवार और गांव के लोगों में खुशी का माहौल था। ऐसे में उनकी अचानक मौत की खबर से सभी स्तब्ध हैं।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

इस घटना ने एक उभरती हुई क्रिकेट प्रतिभा के असमय चले जाने से परिवार और स्थानीय समुदाय को गहरे सदमे में डाल दिया है।

Show More

Related Articles

Back to top button