स्पेसएक्स को अंतरिक्ष में 10 लाख सैटेलाइट तैनात करने की मंजूरी, खगोलविदों ने जताई चिंता

वाशिंगटन । अमेरिकी नियामक फेडरल कम्युनिकेशंस कमीशन (एफसीसी) ने एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स को अंतरिक्ष में डेटा सेंटर के रूप में काम करने वाले 10 लाख तक उपग्रह तैनात करने की अनुमति दे दी है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को लेकर जहां अमेरिका इसे तकनीकी क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि मान रहा है, वहीं खगोलविदों ने इसके संभावित दुष्प्रभावों पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में उपग्रहों की मौजूदगी से अंतरिक्ष अनुसंधान प्रभावित हो सकता है और रात के आसमान का स्वरूप भी बदल सकता है।
एफसीसी के अनुसार, प्रस्तावित ‘स्टारमाइंड’ नेटवर्क अंतरिक्ष में ही डेटा प्रोसेस करेगा और पृथ्वी पर इस्तेमाल होने वाली सेवाओं के लिए कंप्यूटिंग क्षमता उपलब्ध कराएगा। इसका उद्देश्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की तेजी से बढ़ती मांग को पूरा करना है। इसे अंतरिक्ष में डेटा सेंटर स्थापित करने की दिशा में अमेरिका की पहली बड़ी नियामकीय मंजूरी बताया जा रहा है। हालांकि, मंजूरी मिलने का अर्थ यह नहीं है कि सभी उपग्रह लॉन्च हो चुके हैं।
प्रस्तावित नेटवर्क के उपग्रह ऑप्टिकल लिंक के माध्यम से एक-दूसरे से संपर्क करेंगे। वहीं रेडियो लिंक का इस्तेमाल बैकअप और आपातकालीन संचार के लिए किया जाएगा। एफसीसी ने कहा है कि यह सिस्टम अंतरिक्ष में मलबे से संबंधित उसके निर्धारित नियमों के अनुरूप है।
एफसीसी के चेयरमैन ब्रेंडन कैर ने इस फैसले को अमेरिकी तकनीकी नेतृत्व के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व में अमेरिका सुपर इंटेलिजेंस के युग में प्रवेश करने की दिशा में ठोस कदम उठा रहा है। इस तकनीक से नए अवसर पैदा होंगे, निवेश को बढ़ावा मिलेगा और अमेरिकी नागरिकों को दीर्घकालिक लाभ मिल सकेगा।
कैर ने कहा कि एफसीसी ने अंतरिक्ष में डेटा सेंटरों के लिए 10 लाख ऑर्बिटल कंप्यूट मॉड्यूल तैनात करने की मंजूरी देकर इस प्रयास को गति दी है। उनके मुताबिक, यह अमेरिका के नेतृत्व और विकास को मजबूत करने के लिए जरूरी कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर की दिशा में एक नई शुरुआत है।
उन्होंने आगे कहा कि सुपर इंटेलिजेंस के क्षेत्र में अमेरिका का नेतृत्व बनाए रखने के लिए बड़े कंप्यूट कैंपस और डेटा सेंटर बेहद जरूरी हैं। कंप्यूटिंग क्षमता को पृथ्वी से बाहर अंतरिक्ष में ले जाने से स्पेसएक्स और इस क्षेत्र में काम कर रही अन्य कंपनियां भविष्य की तकनीकी जरूरतों को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
हालांकि, इस परियोजना को लेकर खगोलविदों की चिंताएं भी महत्वपूर्ण हैं। उनका मानना है कि बड़ी संख्या में उपग्रहों की तैनाती से खगोलीय अवलोकन और वैज्ञानिक शोध प्रभावित हो सकते हैं। ऐसे में अंतरिक्ष में तकनीकी विकास और वैज्ञानिक अनुसंधान के बीच संतुलन बनाए रखना बड़ी चुनौती होगी।



