दुनिया जहां

एनवीडिया और AMD की जंग के बीच चीन कनेक्शन से घिरी लीजा सू की कंपनी, हुआंग से रिश्तेदारी भी चर्चा में

दुनिया की दिग्गज चिप निर्माता कंपनियों एनवीडिया और एएमडी (AMD) के बीच मुकाबला किसी से छिपा नहीं है। लेकिन अब एएमडी का चीन से कथित कारोबारी संबंध और अमेरिकी प्रतिबंधों वाली कंपनियों के साथ उसके जुड़ाव को लेकर नई बहस छिड़ गई है। एक जांच रिपोर्ट में दावा किया गया है कि एएमडी का संबंध ऐसी चीनी कंपनी से बना हुआ है, जिसे अमेरिका ने अपनी एंटिटी लिस्ट में शामिल कर रखा है। इस खुलासे के बाद कंपनी की कारोबारी गतिविधियों और अमेरिकी निर्यात नियमों के पालन पर सवाल उठने लगे हैं।

इस पूरे मामले में दिलचस्प बात यह है कि एएमडी की सीईओ लीजा सू और एनवीडिया के प्रमुख जेन्सन हुआंग के बीच पारिवारिक रिश्ता भी है। दोनों चचेरे भाई-बहन हैं। इतना ही नहीं, एनवीडिया की स्थापना से पहले हुआंग खुद एएमडी में माइक्रोप्रोसेसर डिजाइनर के तौर पर काम कर चुके हैं। ऐसे में चीन कनेक्शन से लेकर दोनों कंपनियों की प्रतिस्पर्धा तक कई पहलू एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं।

क्या है एएमडी का चीन कनेक्शन?

हालिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि एएमडी का चीनी कंपनी आईईआईटी सिस्टम्स के साथ संबंध बना हुआ है। इस कंपनी को अमेरिका ने अपनी एंटिटी लिस्ट में शामिल किया है। अमेरिकी नियमों के मुताबिक, इस सूची में शामिल कंपनियों को कुछ अमेरिकी उत्पादों और तकनीकों के निर्यात के लिए विशेष लाइसेंस की जरूरत होती है।

रिपोर्ट के अनुसार, 19 अक्टूबर को चीनी कंपनी की ओर से जारी सॉफ्टवेयर अपडेट की जांच में एएमडी द्वारा विकसित स्टार्टअप फर्मवेयर मिला। जांच में यह भी दावा किया गया कि पिछले मार्च में कंपनी को ब्लैकलिस्ट किए जाने के बाद जारी किए गए सर्वर अपडेट में एएमडी फर्मवेयर के कम से कम छह नए संस्करण शामिल थे। हालांकि, इन दावों से अपने आप यह साबित नहीं होता कि एएमडी ने अमेरिकी निर्यात नियमों का उल्लंघन किया है।

ब्लैकलिस्टेड कंपनियों से संबंध के आरोप, शेयरों पर असर

रिपोर्ट में एएमडी के आईवरेस के साथ कारोबारी संबंधों का भी जिक्र किया गया है। इसे एनवीडिया के चीन स्थित कारोबारी नेटवर्क का अहम हिस्सा बताया गया है। इसके अलावा एएमडी के कुछ अन्य संबंधों को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।

इन खबरों के बाद एएमडी के शेयरों में करीब 11 फीसदी तक गिरावट आने का दावा किया गया। खास बात यह है कि बाजार में उम्मीद जताई जा रही थी कि एनवीडिया से जुड़े घटनाक्रम का फायदा एएमडी को मिल सकता है। लेकिन चीन कनेक्शन की खबरों ने कंपनी की मुश्किलें बढ़ा दीं।

वहीं, एएमडी ने इन आरोपों को निराधार बताया है। कंपनी का कहना है कि वह अमेरिकी सरकार के नियमों और निर्यात नियंत्रण संबंधी कानूनों का पूरी तरह पालन करती है।

हुआंग और लीजा सू के बीच क्या है पारिवारिक रिश्ता?

एएमडी की सीईओ लीजा सू और एनवीडिया के प्रमुख जेन्सन हुआंग के बीच पारिवारिक संबंध भी इस खबर को खास बना रहे हैं। दोनों चचेरे भाई-बहन हैं। दोनों के परिवार मूल रूप से ताइवान से जुड़े हैं और बाद में अमेरिका चले गए थे।

लीजा सू का जन्म नाम लिसा त्जवू-फैंग सू था। वह तीन साल की उम्र में ताइवान से अमेरिका आ गई थीं। उन्होंने मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (MIT) से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। इसके बाद टेक्सास इंस्ट्रूमेंट्स, IBM और फ्रीस्केल सेमीकंडक्टर में काम किया।

साल 2012 में उन्होंने एएमडी जॉइन किया और महज दो साल बाद 2014 में कंपनी की सीईओ बन गईं। उनके नेतृत्व में एएमडी ने प्रोसेसर और हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बनाई।

कब हुई थी दोनों की पहली मुलाकात?

रिश्तेदार होने के बावजूद लीजा सू और जेन्सन हुआंग बचपन में कभी नहीं मिले थे। दोनों की पहली मुलाकात तब हुई, जब वे अपनी-अपनी कंपनियों में अहम मुकाम हासिल कर चुके थे।

साल 2024 में ब्लूमबर्ग को दिए इंटरव्यू में लीजा सू ने बताया था कि उनकी और हुआंग की पहली मुलाकात एक इंडस्ट्री इवेंट में हुई थी। उन्होंने यह भी कहा था कि दोनों कभी किसी फैमिली डिनर में शामिल नहीं हुए।

दिलचस्प बात यह है कि हुआंग भी एनवीडिया की स्थापना से पहले एएमडी में काम कर चुके हैं। वह वहां माइक्रोप्रोसेसर डिजाइनर थे। इसके करीब दो दशक बाद लीजा सू ने एएमडी में कदम रखा और कंपनी की कमान संभाली।

एएमडी को नई ऊंचाइयों तक कैसे ले गईं लीजा सू?

जब लीजा सू ने 2014 में एएमडी की जिम्मेदारी संभाली, उस समय कंपनी आर्थिक और कारोबारी चुनौतियों से जूझ रही थी। उन्होंने हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग और प्रोसेसर कारोबार पर खास ध्यान दिया। उनके नेतृत्व में कंपनी ने Ryzen और EPYC सर्वर प्रोसेसर के जरिए बाजार में अपनी मजबूत जगह बनाई।

एएमडी का बाजार मूल्य भी उनके नेतृत्व में तेजी से बढ़ा और कंपनी दुनिया की प्रमुख सेमीकंडक्टर कंपनियों में शामिल हो गई। दूसरी तरफ एनवीडिया ने ग्राफिक्स प्रोसेसर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस चिप्स के क्षेत्र में अपनी बादशाहत कायम की।

रिश्तेदारी अलग, कारोबार की प्रतिस्पर्धा अलग

लीजा सू ने पहले भी एनवीडिया के साथ प्रतिस्पर्धा को लेकर अपनी बात रखी थी। उन्होंने एनवीडिया को शानदार कंपनी बताते हुए कहा था कि दोनों कंपनियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा है। हालांकि, टेक्नोलॉजी की दुनिया में कई बार प्रतिस्पर्धियों के साथ साझेदारी भी करनी पड़ती है।

वहीं, जेन्सन हुआंग ने भी दोनों कंपनियों के मुकाबले पर मजाकिया अंदाज में टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि जब एनवीडिया प्रेजेंटेशन देती है तो पूरा बाजार ऊपर जाता है, लेकिन जब लीजा सू प्रेजेंटेशन देती हैं तो उनकी कंपनी के शेयर नीचे चले जाते हैं।

फिलहाल एएमडी के कथित चीन कनेक्शन ने अमेरिकी निर्यात नियमों और सेमीकंडक्टर कारोबार में चीन की भूमिका को लेकर नई बहस छेड़ दी है। अब इस मामले में सबसे अहम सवाल यही है कि क्या अमेरिकी नियामक एजेंसियां इन कारोबारी संबंधों की जांच करेंगी और क्या इससे एएमडी के कारोबार पर आगे कोई असर पड़ेगा।

Show More

Related Articles

Back to top button