महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक पर सरकार की रणनीति तेज, विपक्षी दलों के समर्थन पर टिकी नजर

नई दिल्ली । संसद के आगामी विशेष सत्र से पहले महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने परिसीमन विधेयक और महिला आरक्षण को जल्द लागू करने से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी दे दी है। सरकार की योजना लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर करीब 816 करने की है। इसके साथ ही लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की दिशा में आगे बढ़ने की तैयारी है।
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत सभी राज्यों की लोकसभा सीटों में समान अनुपात से वृद्धि करने और वर्ष 2051 तक राज्यों की मौजूदा आनुपातिक हिस्सेदारी बनाए रखने का प्रावधान बताया गया है। संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होने वाला है, जिसमें इन विधेयकों को पेश किए जाने की संभावना है।
दरअसल, अप्रैल में संविधान संशोधन विधेयक को लोकसभा में समर्थन नहीं मिलने के बाद केंद्र सरकार इस बार नए राजनीतिक समीकरणों के साथ आगे बढ़ने की तैयारी में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिला आरक्षण को सरकार की प्रतिबद्धता बता चुके हैं। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रणनीति एनडीए के सहयोगी दलों के साथ-साथ क्षेत्रीय दलों और विपक्षी खेमे के कुछ सांसदों का समर्थन जुटाने पर केंद्रित मानी जा रही है।
लोकसभा में एनडीए की अनुमानित ताकत करीब 320 सांसदों की बताई जा रही है, जबकि संविधान संशोधन पारित कराने के लिए उपस्थित और मतदान करने वाले सदस्यों के दो-तिहाई समर्थन की आवश्यकता होती है। ऐसे में सरकार को अपने मौजूदा सहयोगियों के अलावा अन्य दलों का समर्थन भी हासिल करना पड़ सकता है।
इस राजनीतिक गणित में डीएमके, शरद पवार की एनसीपी (एसपी) और वाईएसआर कांग्रेस जैसे क्षेत्रीय दल महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। डीएमके की ओर से तमिलनाडु की लोकसभा सीटों में मौजूदा हिस्सेदारी सुरक्षित रखने की संवैधानिक गारंटी को लेकर चिंता जताई जाती रही है। वहीं अन्य क्षेत्रीय दल भी विधेयक के प्रावधानों और अपने राज्यों के हितों को ध्यान में रखते हुए रुख तय कर सकते हैं।
इसके अलावा शिरोमणि अकाली दल, बीजू जनता दल और अन्य छोटे क्षेत्रीय दलों का समर्थन भी सरकार के लिए महत्वपूर्ण हो सकता है। सरकार के सामने विपक्षी दलों के सांसदों की अनुपस्थिति और संभावित क्रॉस वोटिंग का राजनीतिक समीकरण भी एक अहम पहलू हो सकता है। हालांकि इन दलों का वास्तविक रुख विधेयक के प्रावधानों और सदन में मतदान के समय ही स्पष्ट होगा।
इस पूरे घटनाक्रम का असर विपक्षी INDIA गठबंधन की एकजुटता पर भी पड़ सकता है। महिला आरक्षण के समर्थन और परिसीमन को लेकर क्षेत्रीय चिंताओं के बीच विपक्षी दलों के सामने साझा रणनीति तैयार करने की चुनौती है। खासकर दक्षिण भारतीय राज्यों की ओर से परिसीमन के संभावित प्रभावों को लेकर उठाई जा रही चिंताएं इस मुद्दे को और महत्वपूर्ण बनाती हैं।
सरकार ने सभी राज्यों की लोकसभा सीटों में समान अनुपात से 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव रखकर क्षेत्रीय असंतुलन की आशंकाओं को दूर करने की कोशिश की है। इसके तहत मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर करीब 816 करने की योजना सामने आई है, जबकि भविष्य में सीटों की संख्या 850 तक पहुंचाने की संभावना भी जताई गई है।
राजनीतिक दृष्टि से इस विधायी पहल में अमित शाह की भूमिका अहम मानी जा रही है। सरकार के सामने एक ओर महिला आरक्षण को लागू करने का लक्ष्य है, तो दूसरी ओर परिसीमन को लेकर विभिन्न राज्यों और राजनीतिक दलों के बीच सहमति बनाना भी बड़ी चुनौती है। आने वाले संसद सत्र में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि सरकार अपने प्रस्तावों के समर्थन में कितना राजनीतिक सहयोग जुटा पाती है और विपक्षी दल इस मुद्दे पर किस तरह की साझा रणनीति अपनाते हैं।



