हमर छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ी भाषा का बढ़ेगा मान, राज्य स्तरीय समारोह में सम्मानित होंगे पांच साहित्यकार

रायपुर। छत्तीसगढ़ की अस्मिता, लोक संस्कृति और परंपराओं की पहचान छत्तीसगढ़ी भाषा के गौरव को समर्पित छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस का राज्य स्तरीय आयोजन 28 नवंबर को राजधानी रायपुर में किया जाएगा। संस्कृति विभाग के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग द्वारा सिविल लाइंस स्थित न्यू सर्किट हाउस के कन्वेंशन हॉल में आयोजित इस समारोह का शुभारंभ सुबह 10 बजे होगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल अध्यक्षता करेंगे।

समारोह में वित्त मंत्री ओपी चौधरी, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव और रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा, संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन तथा संस्कृति एवं राजभाषा संचालक डॉ. संजय कन्नौजे विशिष्ट अतिथि होंगे।

कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग की सचिव डॉ. अभिलाषा बेहार स्वागत उद्बोधन देंगी तथा आयोग के अध्यक्ष प्रभात मिश्रा अध्यक्षीय उद्बोधन देंगे।

छत्तीसगढ़ी साहित्य की 14 पुस्तकों का होगा विमोचन

राजभाषा दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ी भाषा और साहित्य को समृद्ध बनाने की दिशा में साहित्यकारों की 14 कृतियों का विमोचन किया जाएगा। इनमें अरविंद मिश्र की ‘नोहर-छोहर छत्तीसगढ़’, बिसरू राम कुर्रे की ‘माटी के लाल’, गणेश्वर पटेल की ‘आखर अउ अंजोर’, पद्मा साहू पर्वणी की ‘उधारी के सुवासा’, सुमित्रा साहू की ‘छत्तीसगढ़ के गहना-गुरिया परिधान’, रामकुमार वर्मा की ‘जसगीत झांकी भाग-02’, अमोल दास टंडन की ‘मय माटी अंव रे झन बाटव ये देश ल’, बलराम मिर्झा की ‘धर्म क्रांति के अगवा’, प्रिया देवांगन की ‘माटी के सिरजाय छंद’, सुधा वर्मा की ‘अंचरा के धागा’ एवं ‘ठउर खोजत बसंत’, डोरे लाल कैवर्त की ‘अमृत गंगार’, बंशीधर लाल की ‘सियान के गोठ’ तथा डूमन लाल ध्रुव की ‘जिनगी बिरथा नइ जाय’ शामिल हैं।

पांच साहित्यकारों को किया जाएगा सम्मानित

छत्तीसगढ़ी भाषा एवं साहित्य के संरक्षण और संवर्धन में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पांच साहित्यकारों को समारोह में सम्मानित किया जाएगा। इनमें गरियाबंद जिले के मकसूदन राम साहू बरीवाला, रायगढ़ जिले की सुधा देवांगन, सरगुजा जिले के बतौली निवासी सुदामा राम गुप्ता तथा रायपुर जिले के ईश्वर साहू बंधी और गोविंद धनगर शामिल हैं। अतिथियों को छत्तीसगढ़ी परंपरा के अनुरूप मया चिन्हारी भी भेंट की जाएगी।

पुरखा के सुरता में याद किए जाएंगे साहित्यकार

समारोह के दूसरे सत्र में दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक ‘पुरखा के सुरता’ विषय पर साहित्यिक परिचर्चा आयोजित होगी। यह परिचर्चा स्वर्गीय डॉ. सत्यभामा आडिल को समर्पित रहेगी। इसमें डॉ. कल्पना मिश्रा और डॉ. रेशमा अंसारी वक्ता के रूप में अपने विचार रखेंगी।

कवि सम्मेलन में गूंजेंगे छत्तीसगढ़ी माटी के स्वर

कार्यक्रम के तीसरे सत्र में दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक छत्तीसगढ़ी कवि सम्मेलन का आयोजन होगा। इसमें प्रदेश के साहित्यकार और कवि अपनी रचनाओं के माध्यम से छत्तीसगढ़ी भाषा की मिठास, लोकजीवन, सांस्कृतिक विविधता और माटी से जुड़ी भावनाओं को प्रस्तुत करेंगे।

छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के अध्यक्ष प्रभात मिश्रा एवं सचिव डॉ. अभिलाषा बेहार ने प्रदेश के साहित्यकारों, कवियों, लेखकों और छत्तीसगढ़ी भाषा प्रेमियों से इस आयोजन में शामिल होने की अपील की है। यह आयोजन छत्तीसगढ़ी भाषा की साहित्यिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और प्रदेश की भाषायी एवं सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

Show More

Related Articles

Back to top button