सोनिया गांधी ने किताब में किया अर्जुन सिंह का जिक्र, 1999 में सरकार बनाने की कोशिश पर दी गई चेतावनी को लेकर किया बड़ा खुलासा

भोपाल। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging’ इन दिनों राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है। किताब में उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन से जुड़े कई ऐसे किस्सों का खुलासा किया है, जिनसे अब तक लोग अनजान थे। इसी कड़ी में उन्होंने मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता अर्जुन सिंह का भी जिक्र किया है। सोनिया गांधी ने बताया है कि अर्जुन सिंह की एक राजनीतिक चेतावनी को नजरअंदाज करना उन्हें बाद में भारी पड़ा था।
वाजपेयी सरकार गिरने के बाद शुरू हुई थी सत्ता की कवायद
सोनिया गांधी ने किताब में 1998-99 के राजनीतिक घटनाक्रम का उल्लेख किया है। उस दौरान अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार अविश्वास प्रस्ताव में महज एक वोट से गिर गई थी। इसके बाद कांग्रेस ने विपक्षी दलों के साथ मिलकर केंद्र में सरकार बनाने की कोशिश शुरू की।
सोनिया गांधी ने लिखा है कि उस घटनाक्रम के दौरान उन्हें राजनीति के दांव-पेच का पहला बड़ा सबक मिला। उन्होंने क्षेत्रीय दलों और वामपंथी नेताओं के साथ बातचीत शुरू की। इस दौरान अनुभवी नेताओं को साथ लेकर चलने और सहयोगियों के बीच सहमति बनाने की कोशिश की गई।
272 के आंकड़े तक पहुंचने का था दावा
किताब के मुताबिक, सरकार बनाने के लिए सोनिया गांधी को 272 सांसदों के समर्थन की जरूरत थी। कांग्रेस ने 233 सांसदों का एक समूह तैयार किया था और कुछ अन्य दलों ने समर्थन देने का भरोसा दिया था। सोनिया गांधी को उम्मीद थी कि इन दलों के सहयोग से बहुमत का आंकड़ा हासिल हो जाएगा।
इसी भरोसे के साथ वह अपने सहयोगी नेताओं के साथ राष्ट्रपति के पास सरकार बनाने का दावा पेश करने पहुंचीं। हालांकि, राष्ट्रपति भवन से बाहर निकलते ही पत्रकारों ने उनके दावे और बहुमत के आंकड़े पर सवाल उठाने शुरू कर दिए।
सोनिया गांधी ने लिखा कि उन्होंने पत्रकारों को बताया कि यह आंकड़ा सहयोगी दलों के नेताओं के साथ बातचीत के आधार पर तैयार किया गया है और उन्हें बहुमत मिलने की उम्मीद है।
सहयोगियों के वादे से पीछे हटने पर टूटी उम्मीद
सोनिया गांधी के मुताबिक, जिन नेताओं ने समर्थन देने का भरोसा दिया था, वे बाद में पीछे हट गए। बातचीत में शामिल कुछ नेता खुद को प्रधानमंत्री पद का दावेदार मान रहे थे, जबकि इस मुद्दे पर सभी के बीच सहमति नहीं बन पाई।
उन्होंने स्वीकार किया कि उनका पूरा ध्यान दक्षिणपंथी सरकार को दोबारा सत्ता में आने से रोकने पर केंद्रित था। इसी जल्दबाजी में वह कुछ राजनीतिक परिस्थितियों का सही आकलन नहीं कर सकीं।
अर्जुन सिंह की चेतावनी याद कर जताया अफसोस
किताब का सबसे चर्चित हिस्सा मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह से जुड़ा है। सोनिया गांधी ने लिखा है कि उन्हें अपने अनुभवी और राजनीतिक रूप से समझदार सहयोगी अर्जुन सिंह की चेतावनी पर ध्यान देना चाहिए था। इसके बजाय उन्होंने एक ऐसे व्यक्ति के उकसावे पर भरोसा किया, जो बाद में पूरी तरह बेईमान साबित हुआ।
हालांकि, सोनिया गांधी ने उस नेता का नाम उजागर नहीं किया है। उन्होंने इस घटनाक्रम को अपने राजनीतिक जीवन की महत्वपूर्ण सीख बताया है।
अर्जुन सिंह को बताया सबसे समझदार और अनुभवी नेता
सोनिया गांधी ने किताब में अर्जुन सिंह की राजनीतिक समझ और व्यक्तित्व की भी जमकर सराहना की है। उन्होंने लिखा है कि वह खुद को खुशकिस्मत मानती हैं कि उन्हें अर्जुन सिंह जैसे अनुभवी और जानकार सहयोगी का साथ मिला।
उनके मुताबिक, अर्जुन सिंह गंभीर और विचारशील स्वभाव के नेता थे। जटिल राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा के दौरान वह सभी की बातें ध्यान से सुनते थे और फिर बेहद संक्षिप्त शब्दों में अपनी राय रखते थे। उनकी बात सीधे मुद्दे की जड़ तक पहुंचती थी।
मध्य प्रदेश की राजनीति के बड़े चेहरे रहे अर्जुन सिंह
अर्जुन सिंह मध्य प्रदेश की राजनीति के कद्दावर नेताओं में गिने जाते रहे हैं। वह 1980 से 1985 तक मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। इसके बाद भी कांग्रेस सरकार बनने पर उन्हें दोबारा मुख्यमंत्री बनाया गया, लेकिन एक दिन बाद ही उन्हें पद छोड़ना पड़ा। बाद में उन्हें पंजाब का राज्यपाल नियुक्त किया गया। वह केंद्र सरकार में कैबिनेट मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके थे।
सोनिया गांधी की किताब में अर्जुन सिंह को लेकर किए गए खुलासे ने एक बार फिर 1999 के उस राजनीतिक घटनाक्रम और कांग्रेस के अंदरूनी समीकरणों को चर्चा में ला दिया है।



