
एशियन वुमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में भारत समेत 6 देशों की टीमें लेंगी हिस्सा, दर्शकों को मिलेगी फ्री एंट्री; 10 दिन तक दिखेगा अंतरराष्ट्रीय हॉकी का रोमांच
भोपाल एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता की मेजबानी के लिए तैयार है। एशियन वुमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 के आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को मध्यप्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने प्रतियोगिता के आधिकारिक लोगो और ट्रॉफी का अनावरण किया। इसी के साथ प्रदेश के अलग-अलग संभागों में ट्रॉफी टूर की शुरुआत भी की गई।
यह प्रतियोगिता 19 से 28 नवंबर तक भोपाल के अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित होगी। इसमें भारत सहित छह देशों की महिला हॉकी टीमें खिताब के लिए मुकाबला करेंगी। खास बात यह है कि दर्शक सभी मैचों का आनंद बिना किसी टिकट के ले सकेंगे। प्रतियोगिता में प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रखा गया है।
10 दिन तक होंगे रोमांचक मुकाबले
टूर्नामेंट में करीब 150 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के हिस्सा लेने की उम्मीद है। प्रतियोगिता के दौरान हर दिन तीन डे-नाइट मुकाबले फ्लडलाइट की रोशनी में खेले जाएंगे। इससे दर्शकों को विश्वस्तरीय महिला हॉकी देखने का मौका मिलेगा।
मेजबान भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 19 नवंबर को मलेशिया के खिलाफ करेगी। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया द्वारा किए जाने का कार्यक्रम है।
प्रदेश के सभी संभागों तक पहुंचेगी ट्रॉफी
प्रतियोगिता के प्रचार-प्रसार और युवाओं को हॉकी से जोड़ने के उद्देश्य से 11 से 19 नवंबर तक ट्रॉफी टूर आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान ट्रॉफी मध्यप्रदेश के सभी संभागों तक पहुंचेगी। 19 नवंबर को भोपाल में प्रतियोगिता की शुरुआत के साथ ही ट्रॉफी टूर का समापन होगा।
166 देशों में होगा सीधा प्रसारण
भोपाल में आयोजित होने वाली इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का प्रसारण 166 देशों में किए जाने की तैयारी है। आयोजकों के मुताबिक, स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और हॉटस्टार के माध्यम से दर्शक मुकाबलों का सीधा प्रसारण देख सकेंगे। इससे मध्यप्रदेश को अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
हॉकी के साथ दिखेगी मध्यप्रदेश की संस्कृति
आयोजन स्थल पर खेल के साथ मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को भी प्रदर्शित किया जाएगा। इसके लिए जनजातीय संस्कृति, पारंपरिक व्यंजन, हस्तशिल्प और लोककलाओं से जुड़े विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे। इस पहल के जरिए अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों और दर्शकों को प्रदेश की कला, संस्कृति और पर्यटन से परिचित कराने की योजना है।
राष्ट्रीय टीम और हॉकी अकादमी के बीच मैत्री मैच
खेल मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि नवंबर का पूरा महीना हॉकी के लिए समर्पित रहेगा। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के अलावा भारतीय राष्ट्रीय हॉकी टीम और मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी की टीम के बीच मैत्री मैच भी आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने उम्मीद जताई कि इस आयोजन से प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा और मध्यप्रदेश की संस्कृति व पर्यटन को वैश्विक मंच पर पहचान मिलेगी।



