PM Modi: एशियाई पैरा गेम्स के चैंपियंस से आज मिलेंगे पीएम मोदी, 114 मेडल जीतकर भारत ने रचा इतिहास

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार, 5 नवंबर को एशियाई पैरा गेम्स 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों से मुलाकात करेंगे। नई दिल्ली के इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शाम करीब 4:30 बजे आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में पीएम मोदी खिलाड़ियों, उनके कोच और अधिकारियों से संवाद करेंगे। इस दौरान वह खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के साथ कार्यक्रम को संबोधित भी करेंगे।
जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियाई पैरा गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश को रिकॉर्ड 114 पदक दिलाए हैं। इसमें 30 स्वर्ण, 35 रजत और 49 कांस्य पदक शामिल हैं। यह प्रतियोगिता में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में जुटेंगे पदक विजेता
प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, इस विशेष कार्यक्रम में एशियाई पैरा गेम्स में हिस्सा लेने वाले भारतीय खिलाड़ी, उनके कोच और खेल अधिकारियों के शामिल होने की संभावना है। भारतीय पैरालंपिक समिति (PCI), भारतीय ओलंपिक संघ (IOA), राष्ट्रीय खेल महासंघों और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
पीएम मोदी खिलाड़ियों से उनके अनुभवों और उपलब्धियों पर बातचीत करेंगे। इस मुलाकात का उद्देश्य खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाना और उन्हें भविष्य की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए प्रोत्साहित करना है। खास तौर पर 2028 लॉस एंजिल्स पैरालंपिक की तैयारियों के लिहाज से भी यह संवाद अहम माना जा रहा है।
भारत ने तोड़ा हांगझू का रिकॉर्ड, जीते 114 पदक
आइची-नागोया में भारतीय पैरा-एथलीटों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पिछली बार का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। भारत ने 2023 में चीन के हांगझू में आयोजित एशियाई पैरा गेम्स में 108 पदक जीते थे, जिनमें 27 स्वर्ण शामिल थे।
इस बार भारतीय दल ने 30 गोल्ड, 35 सिल्वर और 49 ब्रॉन्ज सहित कुल 114 पदक अपने नाम किए। इस तरह भारत ने लगातार दूसरी बार 100 से ज्यादा पदक जीतने का कारनामा किया। कुल 97 भारतीय पैरा-एथलीटों ने पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया।
पैरा-एथलेटिक्स ने दिलाए सबसे ज्यादा 65 पदक
भारत की इस ऐतिहासिक सफलता में पैरा-एथलेटिक्स का सबसे बड़ा योगदान रहा। इस खेल में भारतीय खिलाड़ियों ने कुल 65 पदक जीते, जिनमें 22 स्वर्ण, 19 रजत और 24 कांस्य शामिल हैं।
अन्य खेलों में भारत का प्रदर्शन इस प्रकार रहा:
- पैरा-बैडमिंटन: 16 पदक, जिनमें 3 स्वर्ण, 5 रजत और 8 कांस्य शामिल हैं।
- पैरा-तैराकी: 11 पदक, जिनमें 3 रजत और 8 कांस्य हैं।
- पैरा-तीरंदाजी: 6 पदक, जिनमें 3 स्वर्ण और 3 रजत शामिल हैं।
- पैरा-शूटिंग: 5 पदक, जिनमें 2 स्वर्ण, 2 रजत और 1 कांस्य है।
- पैरा-टेबल टेनिस: 7 कांस्य पदक।
- पैरा-पावरलिफ्टिंग: 2 रजत पदक।
- पैरा-जूडो: 2 पदक, जिनमें 1 रजत और 1 कांस्य शामिल है।
सुमित अंतिल और सिमरन शर्मा ने भी दिखाया दम
एशियाई पैरा गेम्स में कई भारतीय खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से खास पहचान बनाई। जैवलिन थ्रोअर सुमित अंतिल ने पुरुषों की F42-F44/F61-F64 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर अपना खिताब बरकरार रखा।
वहीं, स्प्रिंटर सिमरन शर्मा ने महिलाओं की 100 मीटर और 200 मीटर T12 स्पर्धाओं में गोल्ड मेडल जीते। दोनों स्पर्धाओं में उन्होंने गेम्स रिकॉर्ड भी बनाया।
पैरा-शूटिंग में मोना अग्रवाल ने महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन SH1 स्पर्धा में रिकॉर्ड स्कोर के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके अलावा 50 वर्षीय जेहान दोराब मदन ने पैरा-टेबल टेनिस में कांस्य पदक जीतकर एक खास उपलब्धि अपने नाम की। वह इस प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले भारत के सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बने।
भारतीय पैरा-एथलीटों की यह उपलब्धि देश में पैरा-स्पोर्ट्स की बढ़ती ताकत और खिलाड़ियों की मेहनत को दर्शाती है। अब पीएम मोदी के साथ होने वाली मुलाकात में इन खिलाड़ियों की उपलब्धियों का सम्मान किया जाएगा।



