UPS Pension: पेंशनर्स के लिए बड़ी राहत! अब घर बैठे मोबाइल से बनेगा डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र, PFRDA ने शुरू की नई सुविधा

यूनिफाइड पेंशन स्कीम (UPS) के तहत पेंशन पाने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है। अब सालाना जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के लिए बैंक या पेंशन कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। पेंशन फंड नियामक एवं विकास प्राधिकरण (PFRDA) ने UPS पेंशनर्स के लिए ‘UPS Jeewan Setu’ डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट की सुविधा शुरू की है। इसके जरिए पात्र पेंशनभोगी अपने स्मार्टफोन से घर बैठे जीवन प्रमाण पत्र बना और जमा कर सकेंगे।
PFRDA ने 30 अक्टूबर 2026 को जारी सर्कुलर में इस सुविधा को शुरू करने की जानकारी दी है। इसके साथ ही पेंशनर्स को हर साल 30 नवंबर तक अपना डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा करना अनिवार्य किया गया है। समय पर प्रमाण पत्र जमा नहीं होने पर मासिक पेंशन भुगतान प्रभावित हो सकता है।
30 नवंबर है जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की आखिरी तारीख
UPS के तहत पेंशन पाने वाले सभी लाभार्थियों को हर साल अपना जीवन प्रमाण पत्र जमा करना होता है। इससे पेंशन वितरण करने वाली संस्था को यह पुष्टि होती है कि पेंशनभोगी जीवित हैं और उन्हें पेंशन का भुगतान जारी रखा जा सकता है।
साल 2026 के लिए इसकी अंतिम तारीख 30 नवंबर निर्धारित की गई है। ऐसे में पेंशनर्स को समय रहते यह प्रक्रिया पूरी कर लेनी चाहिए, ताकि दिसंबर से मिलने वाली पेंशन में किसी तरह की रुकावट न आए।
NPS मोबाइल ऐप से मिलेगी UPS Jeewan Setu की सुविधा
PFRDA के मुताबिक, UPS Jeewan Setu सुविधा NPS by Protean eGov मोबाइल ऐप के जरिए उपलब्ध कराई गई है। इसमें आधार आधारित प्रमाणीकरण और फेस ऑथेंटिकेशन की मदद से डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र तैयार किया जा सकता है।
इस सुविधा का मकसद पेंशनर्स के लिए प्रक्रिया को आसान बनाना और उन्हें बार-बार कार्यालय जाने की परेशानी से बचाना है।
मोबाइल से ऐसे बनाएं डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र
UPS पेंशनर्स नीचे दिए गए आसान स्टेप्स को फॉलो करके अपना डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बना सकते हैं:
- सबसे पहले मोबाइल में NPS, UPS और APY मोबाइल ऐप खोलें।
- होम स्क्रीन पर UPS Jeewan Setu – Digital Life Certificate का विकल्प चुनें।
- अपना PRAN नंबर और जन्मतिथि दर्ज करें।
- रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आए OTP से सत्यापन पूरा करें।
- इसके बाद आधार का विकल्प चुनकर अपना आधार नंबर दर्ज करें।
- ‘Continue with Aadhaar’ पर क्लिक करके आधार प्रमाणीकरण पूरा करें।
- अब फेस ऑथेंटिकेशन की प्रक्रिया पूरी करें।
- सफल सत्यापन के बाद आपका डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र तैयार हो जाएगा।
- स्क्रीन पर प्रमाण पत्र बनने का कन्फर्मेशन मैसेज दिखाई देगा।
- प्रक्रिया पूरी करने के लिए ‘Done’ पर क्लिक करें।
इसके बाद डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र का आधार के माध्यम से सत्यापन किया जाएगा।
पेंशनर्स के लिए क्यों खास है यह सुविधा?
UPS Jeewan Setu की शुरुआत से पेंशनर्स को जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की प्रक्रिया में काफी सहूलियत मिलेगी। खासकर बुजुर्ग और ऐसे पेंशनभोगी, जिन्हें बैंक या संबंधित कार्यालय तक पहुंचने में परेशानी होती है, वे घर बैठे मोबाइल के जरिए यह काम कर सकेंगे।
हालांकि, प्रमाण पत्र तैयार होने के बाद उसकी स्थिति की पुष्टि करना भी जरूरी है, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि जीवन प्रमाण पत्र संबंधित पेंशन व्यवस्था तक सफलतापूर्वक पहुंच गया है।



