Urvil Patel Double Century: CSK के धाकड़ बल्लेबाज ने रणजी ट्रॉफी में मचाया धमाल, 227 गेंदों में ठोक डाले नाबाद 210 रन

नई दिल्ली। आईपीएल में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से पहचान बनाने वाले उर्विल पटेल ने अब रणजी ट्रॉफी में भी अपनी ताकत दिखा दी है। गुजरात की ओर से खेलते हुए इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने केरल के खिलाफ शानदार दोहरा शतक जड़कर फर्स्ट क्लास क्रिकेट में नया मुकाम हासिल किया। उनकी इस बेहतरीन पारी की बदौलत गुजरात ने पहली पारी में 9 विकेट पर 534 रन बनाकर पारी घोषित कर दी।
छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे और जड़ दिया दोहरा शतक
केरल के खिलाफ मुकाबले में उर्विल पटेल छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे। उन्होंने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया और विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। उर्विल ने 227 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 210 रन बनाए।
इस पारी में उन्होंने 17 चौके और 6 छक्के लगाए। यह उनके फर्स्ट क्लास करियर का पहला दोहरा शतक है। उनकी इस पारी ने गुजरात को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
लगातार शानदार फॉर्म में चल रहे हैं उर्विल पटेल
उर्विल पटेल पिछले कुछ मुकाबलों से शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं। केरल के खिलाफ दोहरे शतक से पहले उन्होंने महाराष्ट्र के खिलाफ पिछले ग्रुप मुकाबले में 96 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली थी।
उस मैच में उनकी बल्लेबाजी ने गुजरात को मुकाबला ड्रॉ कराने में मदद की थी। अब केरल के खिलाफ उन्होंने अपनी शानदार लय जारी रखते हुए बड़ी पारी खेली और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
IPL में CSK के लिए दिखा चुके हैं दम
उर्विल पटेल को आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स ने वंश बेदी के रिप्लेसमेंट के तौर पर 30 लाख रुपये में टीम में शामिल किया था। उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ आईपीएल में अपना डेब्यू किया।
अब तक आईपीएल में खेले 10 मुकाबलों में उर्विल ने 205.21 के स्ट्राइक रेट से 197 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से एक अर्धशतक भी निकला है। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी शैली ने उन्हें टी20 क्रिकेट में खास पहचान दिलाई है।
28 गेंदों में शतक लगाकर पहले भी बना चुके हैं रिकॉर्ड
उर्विल पटेल का नाम घरेलू क्रिकेट में पहले भी चर्चा में रह चुका है। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2024 में उन्होंने त्रिपुरा के खिलाफ महज 28 गेंदों में शतक जड़कर सनसनी मचा दी थी।
अब रणजी ट्रॉफी जैसे लंबे प्रारूप में दोहरा शतक लगाकर उन्होंने अपनी बल्लेबाजी की एक अलग क्षमता भी दिखाई है। टी20 क्रिकेट की आक्रामकता के साथ लाल गेंद के क्रिकेट में धैर्य दिखाने वाला यह प्रदर्शन उनके करियर के लिए अहम साबित हो सकता है।



