व्यापार जगत

ITC Gold Flake Price Hike: गोल्ड फ्लेक सिगरेट फिर हुई महंगी, एक पैकेट पर बढ़े 10 रुपये; इस साल दूसरी बार बढ़े दाम

नई दिल्ली। सिगरेट पीने वालों की जेब पर एक बार फिर महंगाई की मार पड़ी है। देश की दिग्गज एफएमसीजी कंपनी ITC ने अपने लोकप्रिय ब्रांड गोल्ड फ्लेक रेगुलर साइज फिल्टर टिप्स (RSFT) सिगरेट की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। कंपनी ने 69 मिमी वाले पैकेट के दाम 10 रुपये बढ़ा दिए हैं। इस बढ़ोतरी के बाद अब इसकी कीमत 125 रुपये से बढ़कर 135 रुपये हो गई है।

खास बात यह है कि साल 2026 में गोल्ड फ्लेक की कीमतों में यह दूसरी बड़ी बढ़ोतरी है। इससे पहले फरवरी में कंपनी ने एक पैकेट के दाम 95 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये किए थे। इस तरह सालभर में अब तक इस सिगरेट के एक पैकेट की कीमत कुल 40 रुपये बढ़ चुकी है।

ITC के लिए क्यों खास है गोल्ड फ्लेक?

गोल्ड फ्लेक RSFT ब्रांड ITC के सिगरेट कारोबार के प्रमुख उत्पादों में शामिल है। बाजार विश्लेषकों के मुताबिक, कंपनी के कुल सिगरेट वॉल्यूम में इस ब्रांड की हिस्सेदारी करीब 30 से 35 प्रतिशत है। मुनाफे के लिहाज से भी यह कंपनी के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।

यही वजह है कि इस ब्रांड की कीमतों में बदलाव का असर ITC के सिगरेट कारोबार के प्रदर्शन पर भी पड़ सकता है।

टैक्स बढ़ने से कंपनी के सामने बढ़ी चुनौती

सिगरेट की कीमतों में ताजा बढ़ोतरी ऐसे समय में हुई है, जब कंपनी बढ़े हुए टैक्स के दबाव का सामना कर रही है। इसके साथ ही कंपनी के सामने एक और चुनौती है कि कीमतें ज्यादा बढ़ने पर ग्राहक सस्ते और अवैध सिगरेट बाजार की ओर रुख कर सकते हैं।

कंपनी का कहना है कि वह टैक्स में बदलाव के असर को कम करने और ग्राहकों को अवैध उत्पादों की तरफ जाने से रोकने के लिए अपने कामकाज और बाजार रणनीति पर ध्यान दे रही है।

विशेषज्ञों के मुताबिक, ITC के सामने कीमतों को लेकर संतुलन बनाए रखना जरूरी है। एक तरफ कीमतें बढ़ाने से टैक्स का अतिरिक्त बोझ कम करने और मुनाफे को संभालने में मदद मिल सकती है, वहीं दूसरी तरफ ज्यादा कीमतें ग्राहकों को वैकल्पिक उत्पादों की ओर आकर्षित कर सकती हैं।

ITC के मुनाफे में 20 फीसदी से ज्यादा की गिरावट

कंपनी के वित्तीय नतीजों पर भी टैक्स बढ़ोतरी का असर दिखाई दिया है। सितंबर तिमाही में ITC का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 20.1 प्रतिशत घटकर 4,137.12 करोड़ रुपये रह गया। पिछले साल की समान अवधि में कंपनी ने 5,180 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था।

हालांकि, कंपनी के कुल रेवेन्यू में मामूली बढ़ोतरी हुई। सितंबर तिमाही में ITC का रेवेन्यू 1.8 प्रतिशत बढ़कर 18,401 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जबकि पिछले साल यह 18,081 करोड़ रुपये था।

FMCG कारोबार से मिली कंपनी को राहत

सिगरेट कारोबार पर दबाव के बीच ITC के गैर-सिगरेट कारोबार ने कंपनी को सहारा दिया है। खासकर एफएमसीजी (FMCG) सेगमेंट ने पिछले 14 तिमाहियों में अपनी सबसे मजबूत रेवेन्यू ग्रोथ दर्ज की है।

कुल मिलाकर गोल्ड फ्लेक की कीमतों में लगातार दूसरी बढ़ोतरी ITC की उस रणनीति को दर्शाती है, जिसके जरिए कंपनी बढ़ती लागत और टैक्स के दबाव के बीच अपने कारोबार के मार्जिन को बनाए रखने की कोशिश कर रही है।

Show More

Related Articles

Back to top button