भारत

मोहन भागवत का पटाखों पर बयान: बोले- पुराने समय में आतिशबाजी से शुद्ध होता था वातावरण, त्योहारों के पीछे का विज्ञान समझना जरूरी

नागपुर। पटाखों से होने वाले वायु प्रदूषण को लेकर जारी बहस के बीच राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत ने पुराने समय की आतिशबाजी और भारतीय परंपराओं को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि पहले पटाखे रसायनों से नहीं बनाए जाते थे। उनका धुआं कीड़े-मकोड़ों को खत्म करने के साथ वातावरण को शुद्ध करने में मदद करता था। भागवत ने कहा कि भारतीय त्योहारों और परंपराओं के पीछे वैज्ञानिक कारणों को समझने की जरूरत है।

भागवत मंगलवार को नागपुर में माहेश्वरी पंचायत की ओर से आयोजित दिवाली कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि त्योहार भारतीय समाज को जीवंत बनाए रखते हैं। कुछ लोगों की कोशिशों के बावजूद भारतीय त्योहारों और परंपराओं को समाप्त नहीं किया जा सकता।

परंपराओं के पीछे छिपे विज्ञान को समझने की जरूरत

आरएसएस प्रमुख ने कहा कि पुराने समय में घरों में घी और तेल के दीपक जलाए जाते थे। उनके मुताबिक, इन परंपराओं के पीछे कुछ विशेष कारण और वैज्ञानिक पहलू रहे हैं। उन्होंने लोगों से केवल परंपराओं का पालन करने के बजाय उनके महत्व और उद्देश्य को समझने की अपील की।

भागवत ने कहा कि त्योहारों को उनके मूल स्वरूप में मनाने से व्यक्ति, समाज और पर्यावरण को लाभ मिल सकता है। भारतीय त्योहार अनादि काल से मनाए जाते रहे हैं और आगे भी जारी रहेंगे। इसलिए जरूरी है कि लोग इन परंपराओं को सही तरीके से अगली पीढ़ी तक पहुंचाएं।

दुनिया में बढ़ रही दीपावली की पहचान

मोहन भागवत ने कहा कि दीपावली को अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान और महत्व मिल रहा है। उन्होंने अमेरिका और ब्रिटेन की संसदों में दीपावली मनाए जाने का जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया भारतीय त्योहारों और उनकी परंपराओं को समझने लगी है।

उन्होंने कहा कि दीपावली के अवसर पर हर भारतीय के जीवन में खुशी, स्वच्छता और पवित्रता का भाव दिखाई देता है। इस दिन सेवा और दान-पुण्य करना भी भारतीय संस्कृति की पुरानी परंपरा का हिस्सा है।

सामाजिक नियमों का पालन करने की अपील

कार्यक्रम में भागवत ने लोगों से घर, समाज और शहर के नियमों का पालन करने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि नियम और कानून लोगों के बेहतर जीवन और समाज की व्यवस्था बनाए रखने के लिए होते हैं।

उनके अनुसार, यदि हर व्यक्ति अपनी गलतियों को सुधारने और सामाजिक नियमों का पालन करने की जिम्मेदारी निभाए, तो समाज और पर्यावरण दोनों के लिए बेहतर माहौल तैयार किया जा सकता है।

Show More

Related Articles

Back to top button