भारत

Weather Update 12 November: देश के कई हिस्सों में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट, दिल्ली में छाएगी धुंध; जानें अपने राज्य का मौसम

नई दिल्ली। 12 नवंबर को देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आएगा। मौसम विभाग के मुताबिक, सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। वहीं, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। दूसरी ओर, मध्य और पश्चिम भारत के कई राज्यों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

जम्मू-कश्मीर में बारिश और बर्फबारी की चेतावनी

पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में मौसम प्रभावित रहेगा। खासकर कश्मीर घाटी में भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने इस क्षेत्र के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी भारी बारिश का अनुमान है। यहां 64.5 से 115.5 मिलीमीटर तक वर्षा हो सकती है।

इन राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार

हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

इसके अलावा तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे और लक्षद्वीप में भी बारिश की संभावना जताई गई है।

आंधी-तूफान और तेज हवाओं का अलर्ट

जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और अंडमान-निकोबार में कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका है। हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है, जो बढ़कर 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

हिमाचल प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल और माहे में भी बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।

इन राज्यों में मौसम रहेगा शुष्क

मौसम विभाग के अनुसार, बिहार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, रायलसीमा और कर्नाटक में फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है। इन राज्यों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रह सकता है।

दिल्ली-NCR में सुबह छाएगी धुंध

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में 12 नवंबर को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। सुबह के समय कई स्थानों पर धुंध या हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है।

दिल्ली में अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। सुबह उत्तर-पश्चिम दिशा से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति दोपहर में बढ़कर 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। शाम और रात में पश्चिम दिशा से करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।

Show More

Related Articles

Back to top button