हमर छत्तीसगढ़

तमनार के युवाओं के लिए कौशल प्रशिक्षण बना रोजगार की राह, 19 में से 15 को नौकरी, 4 ने शुरू किया खुद का कारोबार

आईटीआई तमनार में सहायक इलेक्ट्रीशियन प्रशिक्षण का मिला बेहतर परिणाम, अब फिटर फैब्रिकेशन ट्रेड में 20 युवाओं का नया बैच शुरू

रायपुर । औद्योगिक क्षेत्रों में स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में रायगढ़ जिले के तमनार विकासखंड से अच्छी खबर सामने आई है। यहां आईटीआई में संचालित सहायक इलेक्ट्रीशियन प्रशिक्षण कार्यक्रम ने युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए रास्ते खोले हैं। तीन महीने का प्रशिक्षण पूरा करने वाले 19 युवाओं में से 15 को विभिन्न औद्योगिक संस्थानों में रोजगार मिला है, जबकि चार युवाओं ने अपने तकनीकी हुनर के दम पर स्वरोजगार की शुरुआत की है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी के मार्गदर्शन में स्थानीय युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुसार प्रशिक्षित करने की पहल की जा रही है। खासतौर पर खनन प्रभावित गांवों के युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण देकर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर ध्यान दिया जा रहा है।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन जिंदल पावर लिमिटेड, तमनार की खदान के सीएसआर सहयोग से ओ.पी. जिंदल कम्युनिटी कॉलेज, पुंजीपथरा के माध्यम से किया गया। आईटीआई तमनार में 22 जुलाई 2026 को शुरू हुआ तीन महीने का सहायक इलेक्ट्रीशियन प्रशिक्षण 22 अक्टूबर को पूरा हुआ। इसके लिए क्षेत्र के विभिन्न खनन प्रभावित गांवों से 20 युवाओं का चयन किया गया था।

12 युवाओं को गुरुग्राम में मिला पढ़ाई और कमाई का अवसर

प्रशिक्षण के बाद 12 युवाओं का चयन सुब्रोस लिमिटेड, गुरुग्राम में लर्न एंड अर्न योजना के तहत हुआ है। इस योजना में युवाओं को तीन वर्षीय डिप्लोमा पाठ्यक्रम के दौरान हर महीने 14,800 रुपये मिलेंगे। डिप्लोमा सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद उन्हें सहायक अभियंता के पद पर काम करने का अवसर मिलेगा।

इसके अलावा एक युवा को जीपी और दो युवाओं को एसएसडी, पुंजीपथरा में रोजगार मिला है। वहीं चार युवाओं ने प्रशिक्षण के दौरान सीखे गए तकनीकी कार्यों को स्वरोजगार का आधार बनाया है। इस तरह प्रशिक्षण से जुड़े सभी 19 नियमित प्रशिक्षुओं ने आजीविका का रास्ता तलाश लिया है।

फिटर फैब्रिकेशन में 20 युवाओं को मिलेगा औद्योगिक प्रशिक्षण

सहायक इलेक्ट्रीशियन प्रशिक्षण के परिणामों के बाद अब आईटीआई तमनार में फिटर फैब्रिकेशन ट्रेड का नया बैच भी शुरू किया गया है। 10 नवंबर 2026 से प्रारंभ इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में खनन प्रभावित क्षेत्रों के 20 युवाओं को शामिल किया गया है।

एनएसक्यूएफ लेवल-3 के इस पाठ्यक्रम में युवाओं को औद्योगिक कार्यों से जुड़ी तकनीकी दक्षता प्रदान की जाएगी। इसमें ऑक्सी-ईंधन गैस से धातु की कटाई, धातु के विभिन्न उपकरणों की फिटिंग, आर्क वेल्डिंग और औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा संबंधी प्रशिक्षण दिया जाएगा।

तकनीकी दक्षता के साथ युवाओं के व्यक्तित्व विकास, संवाद कौशल, सॉफ्ट स्किल और वित्तीय साक्षरता पर भी ध्यान दिया जाएगा, ताकि प्रशिक्षण पूरा करने के बाद वे औद्योगिक प्रतिष्ठानों में बेहतर ढंग से काम कर सकें।

प्रशिक्षण के दौरान मिलेंगी जरूरी सुविधाएं और रोजगार में सहयोग

प्रशिक्षणार्थियों को आने-जाने के लिए बस सुविधा, सुरक्षा जूते और गणवेश उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रशिक्षण पूरा होने पर युवाओं को टूल किट भी दी जाएगी। सफल प्रशिक्षुओं को तकनीकी विश्वविद्यालय से प्रमाणन और ओ.पी. जिंदल कम्युनिटी कॉलेज से पाठ्यक्रम पूर्णता प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा।

इसके साथ ही कॉलेज की ओर से छत्तीसगढ़ सहित दूसरे राज्यों के औद्योगिक प्रतिष्ठानों में रोजगार के अवसर तलाशने और युवाओं को नियोजन से जोड़ने में सहायता दी जाएगी।

स्थानीय हुनर को मिलेगा उद्योगों में काम करने का अवसर

तमनार में चल रही यह पहल दिखाती है कि उद्योगों के सहयोग से स्थानीय युवाओं को उनकी जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ा जा सकता है। जिला प्रशासन, औद्योगिक संस्थानों और प्रशिक्षण केंद्रों के समन्वय से खनन प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं को तकनीकी शिक्षा और आजीविका के नए अवसर मिल रहे हैं।

इससे न केवल युवाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिल रहा है, बल्कि स्थानीय स्तर पर कुशल मानव संसाधन तैयार करने और क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को गति देने का रास्ता भी मजबूत हो रहा है।

Show More

Related Articles

Back to top button