अब 15 दिनों में घर पहुंचेगा वोटर आईडी कार्ड, चुनाव आयोग ने बदली व्यवस्था; हर चरण का मिलेगा SMS अलर्ट

ECINet प्लेटफॉर्म से होगी कार्ड की प्रिंटिंग से लेकर डिलीवरी तक निगरानी, भारतीय डाक विभाग के जरिए घर पहुंचेगा वोटर कार्ड
नई दिल्ली। वोटर आईडी कार्ड बनवाने या उसमें संशोधन कराने वाले मतदाताओं के लिए राहत की खबर है। अब चुनाव आयोग ने मतदाता पहचान पत्र (EPIC) की डिलीवरी प्रक्रिया को तेज और पारदर्शी बनाने के लिए नई व्यवस्था लागू की है। इसके तहत मतदाता सूची में नाम जुड़ने या मौजूदा मतदाता की जानकारी में बदलाव होने के बाद नया वोटर आईडी कार्ड 15 दिनों के भीतर पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।
नई प्रणाली के तहत मतदाता अपने वोटर आईडी कार्ड की स्थिति ऑनलाइन ट्रैक कर सकेंगे। कार्ड तैयार होने से लेकर डाक विभाग के माध्यम से घर पहुंचने तक प्रत्येक चरण की जानकारी SMS के जरिए दी जाएगी। इसके लिए चुनाव आयोग ने ECINet प्लेटफॉर्म पर विशेष आईटी मॉड्यूल शुरू किया है, जिसे भारतीय डाक विभाग के सिस्टम से जोड़ा गया है।
अब कार्ड बनने से डिलीवरी तक मिलेगी जानकारी
पहले मतदाताओं को वोटर आईडी कार्ड प्राप्त करने के लिए लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता था। कई बार कार्ड की प्रिंटिंग और डाक से भेजे जाने की स्थिति की जानकारी भी आसानी से नहीं मिल पाती थी। नई व्यवस्था में इस पूरी प्रक्रिया को डिजिटल किया गया है।
जैसे ही निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ERO) की ओर से EPIC तैयार किया जाएगा, मतदाता को इसकी सूचना SMS से मिलेगी। इसके बाद डाक विभाग के माध्यम से कार्ड भेजे जाने और उसकी डिलीवरी से संबंधित अपडेट भी मोबाइल पर प्राप्त होंगे।
ऑनलाइन आवेदन के लिए अपनाएं ये प्रक्रिया
नया वोटर आईडी कार्ड बनवाने के लिए मतदाता चुनाव आयोग के आधिकारिक पोर्टल https://voters.eci.gov.in/ का इस्तेमाल कर सकते हैं।
- सबसे पहले आधिकारिक पोर्टल पर जाएं।
- मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी की मदद से Sign Up करें।
- अपना नाम और पासवर्ड दर्ज कर अकाउंट बनाएं।
- मोबाइल पर प्राप्त OTP के माध्यम से अकाउंट सत्यापित करें।
- इसके बाद पोर्टल पर लॉगिन करें।
- नए मतदाता के रूप में पंजीकरण के लिए Form 6 का चयन करें।
- नाम, जन्मतिथि, परिवार से संबंधित जानकारी, मोबाइल नंबर और आवासीय पता भरें।
- आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें।
- आवेदन की सभी जानकारियों को दोबारा जांचकर Submit कर दें।
नाम में सुधार या पता बदलने के लिए अलग फॉर्म
ध्यान देने वाली बात यह है कि Form 6 का इस्तेमाल नए मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने के लिए किया जाता है। यदि पहले से मतदाता सूची में नाम दर्ज है और उसमें पता, नाम या अन्य विवरण में संशोधन कराना है, तो इसके लिए Form 8 भरना होता है।
आवेदन जमा होने के बाद प्राप्त रेफरेंस नंबर की मदद से पोर्टल पर आवेदन की स्थिति भी देखी जा सकती है।
मतदाताओं को मिलेगी समय पर सुविधा
चुनाव आयोग की इस पहल का उद्देश्य मतदाता पहचान पत्र जारी करने की प्रक्रिया को सरल बनाना और अनावश्यक देरी को कम करना है। ECINet और भारतीय डाक विभाग के बीच डिजिटल समन्वय से कार्ड की प्रिंटिंग, डिस्पैच और डिलीवरी की निगरानी आसान होगी।
इस व्यवस्था से नए मतदाताओं के साथ-साथ मतदाता सूची में संशोधन कराने वाले नागरिकों को भी सुविधा मिलेगी। हालांकि, मतदान के लिए सबसे जरूरी यह है कि संबंधित व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो। केवल वोटर आईडी कार्ड होना मतदान के लिए पर्याप्त नहीं है।



