हमर छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में औद्योगिक निवेश की बड़ी छलांग, 24 उद्योग समूहों ने दिखाई रुचि, 20 हजार युवाओं को मिलेगा रोजगार

1.07 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्तावों से प्रदेश में खुलेंगे विकास के नए द्वार, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने निवेशकों को सौंपे इन्विटेशन टू इन्वेस्ट लेटर

रायपुर। छत्तीसगढ़ तेजी से देश के प्रमुख औद्योगिक निवेश केंद्र के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार की नई औद्योगिक विकास नीति और निवेश अनुकूल वातावरण के परिणाम अब दिखाई देने लगे हैं। इसी कड़ी में नवा रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ इंडस्ट्री डायलॉग चैप्टर-3 के दौरान 24 उद्योग समूहों ने प्रदेश में 1 लाख 7 हजार करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्रस्तुत किए। इन प्रस्तावों के माध्यम से करीब 20 हजार युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर बनने की उम्मीद है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विभिन्न निवेशक संस्थाओं के प्रतिनिधियों को इन्विटेशन टू इन्वेस्ट लेटर सौंपते हुए छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उद्योगपतियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और निवेश परियोजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में प्राकृतिक संसाधनों की प्रचुरता, पर्याप्त बिजली-पानी, बेहतर अधोसंरचना, कुशल मानव संसाधन और अनुकूल औद्योगिक नीतियां निवेश के लिए मजबूत आधार प्रदान करती हैं। देश के मध्य में स्थित होने से प्रदेश को परिवहन और बड़े बाजारों तक पहुंच का भी लाभ मिलता है।

सिर्फ निवेश प्रस्ताव नहीं, अब जमीन पर उतर रही परियोजनाएं

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि पिछले डेढ़ से दो वर्षों के दौरान प्रदेश को साढ़े आठ लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनमें से लगभग 60 औद्योगिक परियोजनाओं में काम शुरू हो चुका है। यह प्रदेश के प्रति निवेशकों के बढ़ते विश्वास और सरकार की नीतियों की सफलता का संकेत है।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल निवेश प्रस्ताव हासिल करना नहीं, बल्कि उन्हें समयबद्ध तरीके से वास्तविक औद्योगिक इकाइयों में बदलना है, ताकि स्थानीय युवाओं को रोजगार मिल सके और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले।

उद्योग स्थापना की प्रक्रिया होगी और आसान

राज्य सरकार निवेशकों के लिए सिंगल विंडो सिस्टम को अधिक प्रभावी बना रही है। अनुमतियों की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के साथ जन विश्वास अधिनियम के जरिए छोटे प्रक्रियागत उल्लंघनों के लिए आपराधिक दंड के स्थान पर आर्थिक दंड की व्यवस्था की गई है। इससे उद्योग और व्यापार के लिए अधिक अनुकूल माहौल तैयार हो रहा है।

बस्तर में शांति के साथ विकास और रोजगार की नई उम्मीद

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में नक्सलवाद के कमजोर पड़ने और सुरक्षा की स्थिति में सुधार से विकास की नई संभावनाएं खुल रही हैं। दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क, बिजली और संचार सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। आने वाले समय में पर्यटन, कृषि प्रसंस्करण, स्थानीय उत्पादों और संसाधन आधारित उद्योगों के माध्यम से बस्तर के युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

मुख्य सचिव विकास शील ने भी बस्तर में पर्यटन निवेश की संभावनाओं पर जोर देते हुए चित्रकोट जलप्रपात को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने की कार्ययोजना की जानकारी दी। इसके तहत पर्यटन सर्किट, होटल, होम-स्टे, परिवहन और स्थानीय हस्तशिल्प से जुड़े व्यवसायों को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

सेमीकंडक्टर और एआई जैसे आधुनिक उद्योगों पर नजर

छत्तीसगढ़ अब पारंपरिक खनन, इस्पात, सीमेंट और ऊर्जा उद्योगों के साथ-साथ भविष्य की तकनीकों में भी अपनी संभावनाएं तलाश रहा है। सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा सेंटर और अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में निवेश आकर्षित करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

इसके अलावा कृषि प्रसंस्करण, लघु वनोपज, औषधीय पौधों, हर्बल उत्पादों और वेलनेस सेक्टर में भी निवेश की व्यापक संभावनाएं हैं। स्थानीय उत्पादों को क्लस्टर आधारित मॉडल से जोड़कर उनके उत्पादन, प्रसंस्करण, ब्रांडिंग और विपणन को बढ़ावा देने की योजना है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उद्योग जगत को छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा में सहभागी बनने का आमंत्रण देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को पूरा करने में विकसित छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। राज्य सरकार निवेशकों के साथ मिलकर औद्योगिक विकास, आर्थिक समृद्धि और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए निरंतर काम कर रही है।

Show More

Related Articles

Back to top button