भारतसियासी गलियारा

जगदीप धनखड़ अब कहां हैं, अचानक क्यों हटा दिया; विपक्ष सरकार से पूछ रहा सवाल

उपराष्ट्रपति चुनाव से पहले विपक्षी नेता जगदीप धनखड़ के इस्तीफे का मुद्दा उठा रहे हैं। गुरुवार को शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने पूछा है कि धनखड़ को पद से ‘क्यों हटाया’ गया था। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति पर भी सवाल उठाए हैं। हाल ही में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर 25+25 प्रतिशत टैरिफ का ऐलान किया है।

उद्धव ठाकरे ने कहा, ‘इस बात पर चर्चा होनी चाहिए कि उपराष्ट्रपति पद से जगदीप धनखड़ को अचानक हटाया क्यों गया था। और अब वह कहां हैं? भारतीय जनता पार्टी की तरफ से उम्मीदवार के नाम का ऐलान करने के बाद पार्टी समर्थन देने को लेकर कोई फैसला करेगी।’ धनखड़ ने जुलाई में स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर मॉनसून सत्र की शुरुआत में ही इस्तीफा दे दिया था।

हालांकि, धनखड़ इस्तीफे के बाद से ही सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं। कयास लगाए जा रहे थे कि जस्टिस यशवंत वर्मा के खिलाफ महाभियोग लाने के विपक्ष के प्रस्ताव को स्वीकार करने के बाद धनखड़ का इस्तीफा लिया गया है। फिलहाल, इसपर सरकार या धनखड़ की ओर से आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है।

राज ठाकरे से गठबंधन पर क्या बोले

महाराष्ट्र के सियासी गलियारों में राज और उद्धव ठाकरे की पार्टियों में गठबंधन की अटकलें फिर तेज हो रही हैं। हालांकि, दोनों ही नेताओं ने भविष्य में गठबंधन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं की है। इस मुद्दे पर उद्धव ने कहा कि हम दोनों भाइयों को ही फैसला लेना है और विपक्षी गठबंधन यानी INDIA का इससे कोई लेना देना नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘हम दो भाई गठबंधन पर फैसला लेने में सक्षम हैं। INDIA ब्लॉक का इससे कुछ लेना देना नहीं है। इस संबंध में कोई भी नियम या शर्तें नहीं हैं।’

विदेश नीति पर सरकार को घेरा

उद्धव ने सरकार की विदेश नीति को लेकर कहा कि पीएम मोदी की नीति फेल हो गई और कई घटनाक्रमों से ये साबित हो चुका है। इस दौरान उन्होंने खासतौर से ट्रंप की तरफ से लगाए गए टैरिफ का जिक्र किया है। ट्रंप ने रूसी तेल की खरीद को लेकर भारत सरकार पर अतिरिक्त शुल्क लगाने का ऐलान किया है। इससे पहले वह टैरिफ के साथ भारत पर जुर्माना भी लगा चुके हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button