सुचिका तारियाल ने रचा इतिहास, एशियन गेम्स में MMA का पहला पदक जीता

भारत की सुचिका तारियाल ने एशियन गेम्स 2026 में महिलाओं के 60 किलोग्राम MMA वर्ग में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। यह एशियन गेम्स में मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में भारत का पहला पदक है। सुचिका को सेमीफाइनल में सिंगापुर की टेओ हुई हून के खिलाफ 2-0 से हार मिली, जिसके बाद उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
36 वर्षीय सुचिका का यह पदक भारतीय कॉम्बैट स्पोर्ट्स के लिए बड़ी उपलब्धि है। वह इससे पहले जूडो और कुराश में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भी उन्होंने हिस्सा लिया था। इसके बाद उन्होंने जिउ-जित्सु में अपनी पहचान बनाई और 2024 में जिउ-जित्सु फाइटिंग में विश्व खिताब अपने नाम किया।
एशियन गेम्स में भारत को शूटिंग में भी सफलता मिली। पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल टीम ने सिल्वर मेडल जीता। वहीं टेबल टेनिस में भारतीय महिला टीम ने पाकिस्तान को 3-0 से हराकर अपने अभियान की मजबूत शुरुआत की।



