आम आदमी पार्टी बिरगांव में छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति पर माल्यार्पण कर मनाएगी राज्य स्थापना दिवस

छत्तीसगढ़ वासियों को राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं-आम आदमी पार्टी
पिछले 25 वर्षों में भाजपा और कांग्रेस ने प्रदेश की अकूत प्राकृतिक संपदा को केवल लूटा: आम आदमी पार्टी
रायपुर । आम आदमी पार्टी (आप) छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के शुभ अवसर पर बिरगांव में स्थित ‘छत्तीसगढ़ महतारी’ की प्रतिमा पर भव्य माल्यार्पण कर स्थापना दिवस मनाएगी। इस अवसर पर पार्टी की ओर से समस्त प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की गई हैं। स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने संयुक्त बयान जारी करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य का गठन जिस सोच और जिन सपनों के साथ हुआ था, आज 25 वर्षों बाद भी वे सपने अधूरे हैं। इतने वर्षों के दौरान भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दोनों ही दलों ने बारी-बारी से शासन करते हुए प्रदेश की अकूत प्राकृतिक संपदा, जल, जंगल और जमीन को लूटने का काम किया है। दोनों पार्टियों की गलत नीतियों के कारण आज भी छत्तीसगढ़ का आम नागरिक बुनियादी सुविधाओं और वास्तविक विकास से वंचित है।
आम आदमी पार्टी ने प्रदेश की जनता को विश्वास दिलाते हुए कहा कि यदि आगामी समय में प्रदेश की जनता ‘आप’ को अवसर देती है, तो राज्य में दिल्ली और पंजाब की तर्ज पर पारदर्शी, ईमानदार और विकासशील सरकार दी जाएगी। बिरगांव में आयोजित होने वाले इस माल्यार्पण कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी के प्रमुख पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे।



