एशियन गेम्स में भारत का दबदबा, महिला टेबल टेनिस टीम ने पाकिस्तान को 3-0 से हराया

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 3-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। भारत की तीनों खिलाड़ियों ने अपने-अपने मुकाबले सीधे गेमों में जीतकर पाकिस्तान को कोई मौका नहीं दिया।
पहले मुकाबले में सुतीर्था मुखर्जी ने शानदार शुरुआत की। उन्होंने पाकिस्तान की खिलाड़ी को 11-3, 11-3 और 11-4 से हराकर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद सिंड्रेला दास ने आक्रामक खेल दिखाते हुए कुलसुम खान को 11-6, 11-7 और 11-5 से मात दी। इस जीत के साथ भारत ने अपनी बढ़त 2-0 कर ली।
तीसरे मुकाबले में श्रीजा अकुला ने फातिमा खान के खिलाफ 11-4, 11-4 और 11-5 से जीत दर्ज की। उनकी जीत के साथ ही भारत ने मुकाबला 3-0 से अपने नाम कर लिया और क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
एशियन गेम्स के दूसरे दिन भारत ने शूटिंग में भी दो पदक जीते। भारतीय महिला टीम ने 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में सिल्वर मेडल हासिल किया, जबकि इलावेनिल वलारिवन ने व्यक्तिगत 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में भी रजत पदक जीता।



