8th Pay Commission: फिटमेंट फैक्टर से ऐसे तय होगी नई सैलरी, 3 स्टेप में समझें पूरा कैलकुलेशन

8th Pay Commission: केंद्रीय कर्मचारियों के लिए आठवें वेतन आयोग से जुड़ी नई सैलरी को लेकर चर्चाएं तेज हैं। कर्मचारियों की बेसिक सैलरी में कितनी बढ़ोतरी होगी, इसे लेकर कई तरह के अनुमान लगाए जा रहे हैं। हालांकि, नई सैलरी तय करने में केवल फिटमेंट फैक्टर ही नहीं, बल्कि पे मैट्रिक्स की भी अहम भूमिका हो सकती है।
रिपोर्ट के मुताबिक, सातवें वेतन आयोग की तरह आठवें वेतन आयोग में भी नई बेसिक सैलरी तीन चरणों में तय की जा सकती है। इसमें मौजूदा बेसिक पे, फिटमेंट फैक्टर और पे मैट्रिक्स को आधार बनाया जाएगा।
पहले स्टेप में फिटमेंट फैक्टर से होगी गणना
सबसे पहले कर्मचारी की मौजूदा बेसिक सैलरी को प्रस्तावित फिटमेंट फैक्टर से गुणा किया जाएगा। इस गणना में महंगाई भत्ता और दूसरे भत्तों को शामिल नहीं किया जाएगा।
दूसरे स्टेप में होगी राउंडिंग
गुणा करने के बाद मिलने वाली राशि को निकटतम पूरे रुपये में राउंड ऑफ किया जाएगा। इससे नई बेसिक सैलरी तय करने के लिए एक शुरुआती आंकड़ा मिलेगा।
तीसरे स्टेप में पे मैट्रिक्स से तय होगी सैलरी
तीसरे चरण में सबसे अहम भूमिका पे मैट्रिक्स की होगी। गणना से मिली राशि के बराबर या उससे ठीक ऊपर वाली सेल को संबंधित पे लेवल में चुना जा सकता है। इसी के आधार पर कर्मचारी की नई बेसिक सैलरी निर्धारित होगी।
प्रमोशन और MACP पर भी लागू होगा नियम
प्रमोशन या MACP मिलने की स्थिति में पहले पुराने पे लेवल में इंक्रीमेंट जोड़ा जाएगा। इसके बाद नए पे लेवल की मैट्रिक्स के अनुसार वेतन तय किया जाएगा।
कब आएंगी आठवें वेतन आयोग की सिफारिशें?
आयोग को अपनी सिफारिशें तैयार करने के लिए 18 महीने की निर्धारित अवधि दी गई है। हालांकि, अभी आधिकारिक फिटमेंट फैक्टर और नई पे मैट्रिक्स का ऐलान नहीं हुआ है।
ऐसे में केंद्रीय कर्मचारियों को अंतिम वेतन बढ़ोतरी के लिए आयोग की आधिकारिक सिफारिशों का इंतजार करना होगा।



