हमर छत्तीसगढ़

Raipur News: 500 महिला आरक्षक प्रशिक्षुओं के लिए स्वास्थ्य शिविर, डीजी जीपी सिंह ने दिया फिटनेस का मंत्र

मेघा तिवारी की रिपोर्ट

रायपुर । पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि कठिन परिस्थितियों में आम जनता की मदद करना भी उसका अहम दायित्व है। इस जिम्मेदारी को बेहतर ढंग से निभाने के लिए पुलिसकर्मियों का शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना जरूरी है। इसी उद्देश्य से पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय (पीटीएस) माना में लगभग 500 महिला आरक्षक प्रशिक्षुओं के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाया गया।

मेटा क्लिनिक द्वारा आयोजित इस शिविर का शुभारंभ पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) एवं राज्य पुलिस अकादमी, चंदखुरी के निदेशक जीपी सिंह ने किया। कार्यक्रम में पीटीएस माना के पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग, मेटा क्लिनिक के निदेशक विवेक लाठ, सीईओ जिया जिंदल, प्रशिक्षण संस्थान के अधिकारी, कर्मचारी और प्रशिक्षक उपस्थित रहे।

पुलिस सेवा में शारीरिक और मानसिक मजबूती जरूरी

शिविर को संबोधित करते हुए जीपी सिंह ने कहा कि पुलिस प्रशिक्षण अनुशासन, धैर्य और शारीरिक क्षमता की कठिन परीक्षा है। सुबह की ड्रिल से लेकर शारीरिक अभ्यास, आउटडोर गतिविधियों और पढ़ाई तक प्रशिक्षुओं को लगातार मेहनत करनी पड़ती है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद फील्ड में भी लंबे समय तक ड्यूटी और कई बार अनियमित दिनचर्या का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ और फिट पुलिस अधिकारी न केवल बेहतर तरीके से जनता की सेवा कर सकता है, बल्कि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में सही निर्णय लेने में भी सक्षम होता है। इसलिए वर्दी की जिम्मेदारी निभाने के साथ अपनी सेहत का ध्यान रखना भी जरूरी है।

महिला स्वास्थ्य को लेकर जागरूक रहने की सलाह

जीपी सिंह ने महिला प्रशिक्षुओं को एनीमिया, पोषण की कमी, हड्डियों की कमजोरी, मासिक धर्म और प्रजनन स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि कई बार महिलाएं थकान, सिरदर्द और लगातार होने वाले दर्द को सामान्य मानकर नजरअंदाज कर देती हैं। जबकि ये समस्याएं शरीर की ओर से दिए जा रहे संकेत हो सकते हैं।

उन्होंने प्रशिक्षुओं से अपील की कि स्वास्थ्य संबंधी किसी भी परेशानी को छिपाने के बजाय चिकित्सकों से खुलकर चर्चा करें और जरूरत पड़ने पर समय पर उपचार लें। उनका कहना था कि अपने स्वास्थ्य की देखभाल करना कमजोरी नहीं, बल्कि स्वयं और पुलिस बल के प्रति जिम्मेदारी है।

तनाव होने पर मदद लेने में न करें संकोच

कार्यक्रम में मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर भी चर्चा की गई। जीपी सिंह ने कहा कि घर से दूर रहकर प्रशिक्षण लेना कई प्रशिक्षुओं के लिए तनावपूर्ण हो सकता है। ऐसी स्थिति में अपनी परेशानी को मन में दबाकर रखने के बजाय प्रशिक्षकों, साथियों या परामर्शदाता से बातचीत करनी चाहिए। समय पर मदद मांगना साहस का परिचायक है।

जांच के बाद जरूरतमंद प्रशिक्षुओं को मिलेगा उपचार

डीजी प्रशिक्षण ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य शिविर केवल एक दिन का आयोजन बनकर नहीं रहना चाहिए। प्रशिक्षण के दौरान संतुलित आहार, पर्याप्त नींद, नियमित व्यायाम और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच की आदत विकसित करना जरूरी है। उन्होंने पीटीएस प्रशासन को शिविर में सामने आने वाले स्वास्थ्य संबंधी मामलों पर आगे की कार्रवाई करने और जरूरतमंद प्रशिक्षुओं को आवश्यक उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ पुलिस में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। महिला पुलिसकर्मी समाज में सुरक्षा और भरोसे का महत्वपूर्ण आधार हैं। विशेषकर महिलाएं और बच्चे उनसे सहायता की उम्मीद रखते हैं। ऐसे में महिला पुलिसकर्मियों का स्वयं स्वस्थ, आत्मविश्वासी और सशक्त रहना जरूरी है।

शिविर के दौरान मेटा क्लिनिक के चिकित्सकों ने महिला आरक्षक प्रशिक्षुओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया और उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। जीपी सिंह ने इस पहल के लिए मेटा क्लिनिक की टीम और पीटीएस माना के अधिकारियों-कर्मचारियों की सराहना की तथा सभी प्रशिक्षुओं के बेहतर स्वास्थ्य और सफल प्रशिक्षण की कामना की।

Show More

Related Articles

Back to top button