व्यापार जगत

Nirmala Sitharaman: 12 साल में गरीबी से बाहर आए भारत के 50 करोड़ लोग, वित्त मंत्री ने LinkedIn पोस्ट में बताई बदलाव की कहानी

नई दिल्ली। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की एक LinkedIn पोस्ट इन दिनों चर्चा में है। उन्होंने दावा किया है कि वर्ष 2011 से 2023 के बीच भारत के करीब 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। वित्त मंत्री ने अपने लेख में विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि सरकारी योजनाओं, बैंकिंग सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता और महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण ने गरीबी कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

निर्मला सीतारमण ने अपने लेख में कहा कि गरीबी से लड़ने के लिए केवल आर्थिक सहायता देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, स्वच्छता और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना भी जरूरी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अंत्योदय की भावना के साथ सरकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के प्रयासों का भी उल्लेख किया।

एस्थर और सुष्मिता की सफलता की कहानी का किया जिक्र

वित्त मंत्री ने अपने लेख में नागालैंड के किफिरे जिले की एस्थर का उदाहरण दिया। एस्थर स्वयं सहायता समूह से जुड़ी लखपति दीदी हैं। वह बाजरे से बने उत्पाद तैयार कर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से दूसरे राज्यों में भी बेच रही हैं। सीतारमण ने इसे ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता का उदाहरण बताया।

इसके अलावा उन्होंने पश्चिम बंगाल की सुष्मिता की कहानी भी साझा की। कोरोना महामारी के दौरान पिता के निधन के बाद उनका पारिवारिक प्रिंटिंग कारोबार संकट में आ गया था। ऐसे समय में प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत बिना गारंटी ऋण मिलने से उन्होंने अपना कारोबार दोबारा शुरू किया। आज उनके व्यवसाय में आठ लोग काम कर रहे हैं।

सरकारी योजनाओं से बुनियादी सुविधाओं में हुआ विस्तार

निर्मला सीतारमण ने अपने लेख में स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का उल्लेख किया।

उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण परिवारों को नल से जल उपलब्ध कराने के दायरे में उल्लेखनीय विस्तार हुआ है। वर्ष 2019 में जहां करीब 3 करोड़ ग्रामीण परिवारों तक नल से जल की सुविधा थी, वहीं यह संख्या बढ़कर लगभग 16 करोड़ परिवारों तक पहुंच गई है।

जनधन खातों और DBT से मजबूत हुआ वित्तीय समावेशन

वित्त मंत्री के मुताबिक, देश में अब तक 59 करोड़ से अधिक जनधन खाते खोले जा चुके हैं। डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से सरकारी योजनाओं की सहायता सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंचाई जा रही है। इससे बिचौलियों की भूमिका कम करने और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने में मदद मिली है।

आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराना जरूरी

निर्मला सीतारमण ने अपने लेख में कहा कि गरीबी उन्मूलन के लिए रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और वित्तीय सुविधाओं पर एक साथ काम करना जरूरी है। उनका कहना है कि विकास का उद्देश्य केवल लोगों को आर्थिक राहत देना नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना होना चाहिए।

वित्त मंत्री की LinkedIn पोस्ट में साझा की गई इन कहानियों और योजनाओं के जरिए गरीबी उन्मूलन तथा आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में हुए प्रयासों को सामने रखा गया है।

Show More

Related Articles

Back to top button