हमर छत्तीसगढ़

 खुशियों की चाबी’ से साकार हो रहा पक्के घर का सपना

बालोद में 48 हजार से अधिक आवास पूर्ण

 रायपुर. अपना पक्का घर हर परिवार का सपना होता है। बालोद जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) इस सपने को तेजी से साकार कर रही है। सुशासन तिहार 2026 के दौरान बालोद जिले में आयोजित समाधान शिविरों में जब जनप्रतिनिधियों ने आवास लाभार्थियों को उनके नए घरों की ‘खुशियों की चाबी’ सौंपी, तो अनेक परिवारों की वर्षों पुरानी आकांक्षा पूरी होने की खुशी उनके चेहरों पर साफ झलक उठी।
    जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने बताया कि जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत स्वीकृत 54,151 आवासों में से 48,421 आवास पूर्ण हो चुके हैं। यह कुल लक्ष्य का 89.42 प्रतिशत है। शेष 5,730 आवास निर्माणाधीन हैं, जिन्हें शीघ्र पूर्ण कराने के लिए लाभार्थियों से लगातार संपर्क कर उन्हें प्रोत्साहित किया जा रहा है।
    सुशासन तिहार के शिविरों में प्रत्येक शिविर में औसतन 5 से 7 आवास हितग्राहियों को पूर्णता प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। लाभार्थियों ने मंच से अपने अनुभव साझा करते हुए अन्य ग्रामीणों से समय पर आवास निर्माण पूरा करने तथा जल संरक्षण के लिए सोकपिट निर्माण कराने की अपील भी की।
    योजना के तहत निर्माण कार्यों में वित्तीय बाधा न आए, इसके लिए शासन ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में राज्यों को पर्याप्त राशि उपलब्ध कराई है। इसी क्रम में बालोद जिले के 3,278 लाभार्थियों के लिए 10.12 करोड़ रुपये के एफटीओ (फंड ट्रांसफर ऑर्डर) जारी किए गए हैं। यह राशि शीघ्र ही डीबीटी के माध्यम से सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में पहुंचेगी। इससे आवास निर्माण में गति आएगी और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की तस्वीर और अधिक सशक्त होगी।

Show More

Related Articles

Back to top button