
अफगानिस्तान प्रीमियर लीग (APL) के आगामी ड्राफ्ट में तीन पूर्व आईपीएल खिलाड़ी भी अपनी दावेदारी पेश करने जा रहे हैं। 3 नवंबर को दुबई में आयोजित होने वाले ड्राफ्ट के लिए भारतीय क्रिकेटर विजय शंकर, केएस भरत और मुरुगन अश्विन ने रजिस्ट्रेशन कराया है। आयोजकों ने इन तीनों खिलाड़ियों को गोल्ड कैटेगरी में रखा है। इस लीग के लिए दुनियाभर से लगभग 1,500 खिलाड़ियों ने आवेदन किया था, जिनमें से छंटनी के बाद 462 खिलाड़ियों को अंतिम सूची में जगह मिली है।
शॉर्टलिस्ट किए गए खिलाड़ियों को उनके अनुभव और स्तर के आधार पर प्लेटिनम, डायमंड, गोल्ड, सिल्वर और इमर्जिंग सहित पांच श्रेणियों में बांटा गया है।
तीनों भारतीय खिलाड़ियों के पास IPL का अनुभव
विजय शंकर आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स, सनराइजर्स हैदराबाद और गुजरात टाइटंस जैसी टीमों का हिस्सा रह चुके हैं। वहीं, विकेटकीपर बल्लेबाज केएस भरत ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, दिल्ली कैपिटल्स, गुजरात टाइटंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेला है।
स्पिन गेंदबाज मुरुगन अश्विन भी आईपीएल की कई फ्रेंचाइजी का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उनके अनुभव में राइजिंग पुणे सुपरजायंट, पंजाब किंग्स, मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स जैसी टीमें शामिल हैं।
भारतीय मूल के विदेशी खिलाड़ी भी ड्राफ्ट में शामिल
इस बार ड्राफ्ट में भारतीय मूल के कई ऐसे खिलाड़ी भी हैं, जो दूसरे देशों की राष्ट्रीय टीमों से खेलते हैं। इनमें अमेरिका के उन्मुक्त चंद, यूएई के राहुल चोपड़ा, अक्षदीप नाथ, अलीशान शराफू, आर्यन अफजल खान और ध्रुव पराशर शामिल हैं। इसके अलावा ओमान के अयान खान, केन्या के व्रज पटेल और कुवैत के यासीन पटेल भी शॉर्टलिस्ट किए गए हैं।
मोहम्मद आमिर को प्लेटिनम कैटेगरी
पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर भी एपीएल ड्राफ्ट में आकर्षण का केंद्र रहेंगे। उन्हें सबसे ऊंची प्लेटिनम कैटेगरी में रखा गया है। आमिर ने पाकिस्तान के लिए 36 टेस्ट, 61 वनडे और 62 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं। उन्होंने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच जून 2024 में टी20 विश्व कप के दौरान खेला था।
APL 2026 की पांच टीमें और उनके कप्तान
लीग के लिए पांच फ्रेंचाइजी के कप्तानों के नाम भी सामने आए हैं। कंधार की कप्तानी राशिद खान करेंगे, जबकि बल्ख की जिम्मेदारी इब्राहिम जादरान को सौंपी गई है। काबुल टीम की अगुवाई अजमतुल्लाह उमरजई करेंगे। वहीं, रहमत शाह पकतिया और रहमानुल्लाह गुरबाज नंगरहार टीम की कमान संभालेंगे।
इस ड्राफ्ट में भारतीय खिलाड़ियों की मौजूदगी और दुनिया भर के अनुभवी क्रिकेटरों की भागीदारी से एपीएल को लेकर क्रिकेट प्रशंसकों की दिलचस्पी बढ़ सकती है।



