हमर छत्तीसगढ़

दिवाली पर यूपी के 1.89 करोड़ उज्ज्वला लाभार्थियों को मिलेगा मुफ्त गैस सिलेंडर का लाभ, खातों में आएंगे 1,500 करोड़ रुपये

लखनऊ। दिवाली के त्योहार पर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को बड़ी सौगात देने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को लोक भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी की राशि लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से ट्रांसफर करेंगे।

इस योजना के तहत प्रदेश के करीब 1.89 करोड़ पात्र परिवारों के खातों में 1,500 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि भेजी जाएगी। सरकार की ओर से दिवाली और होली पर साल में दो बार मुफ्त एलपीजी सिलेंडर रिफिल का लाभ देने का प्रावधान किया गया है।

फिलहाल केंद्र सरकार की ओर से प्रति सिलेंडर 335.40 रुपये और राज्य सरकार की ओर से 648.55 रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है। जिन लाभार्थियों ने दिवाली के अवसर पर सिलेंडर रिफिल कराया है, उनके खातों में 700 से 900 रुपये से अधिक तक की सब्सिडी राशि पहुंच सकती है।

योजना के प्रथम चरण के तहत अक्टूबर से दिसंबर 2026 तक दिवाली पर और दूसरे चरण में जनवरी से मार्च 2027 तक होली के अवसर पर लाभार्थियों को मुफ्त सिलेंडर रिफिल की सुविधा दी जाएगी।

मंगलवार दोपहर 3:30 बजे आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय, राज्य मंत्री सतीश चन्द्र शर्मा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।

सरकार का कहना है कि इस योजना से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को आर्थिक राहत मिलेगी। साथ ही महिलाओं को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराने और धुएं से होने वाली परेशानियों को कम करने में भी मदद मिलेगी।

Show More

Related Articles

Back to top button