भारत

जैकी श्रॉफ के साथ काम करना बचपन का सपना था : शरद केलकर ने की ‘गर्दिश’ की जमकर तारीफ

मुंबई। अभिनेता शरद केलकर इन दिनों अपनी आगामी हॉरर-थ्रिलर फिल्म ‘काली खेती’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म में जैकी श्रॉफ के साथ काम करने का अनुभव उनके लिए बेहद खास रहा। हाल ही में एक मीडिया इंटरव्यू में शरद केलकर ने बताया कि जैकी श्रॉफ यानी जग्गू दादा के साथ काम करना उनके बचपन के सपने के सच होने जैसा था। उन्होंने जैकी श्रॉफ की अभिनय क्षमता की तारीफ करते हुए उनकी फिल्म ‘गर्दिश’ को अपनी पसंदीदा फिल्मों में शामिल बताया।

‘गर्दिश’ को बताया कल्ट फिल्म

इंटरव्यू के दौरान शरद केलकर ने जैकी श्रॉफ की फिल्म ‘गर्दिश’ की विशेष रूप से तारीफ की। उन्होंने कहा कि यह फिल्म उनकी ऑल टाइम फेवरेट फिल्मों में से एक है। फिल्म की कहानी के साथ-साथ इसके गाने भी उन्हें बेहद पसंद हैं। शरद के मुताबिक, ‘गर्दिश’ ऐसी शानदार फिल्म है, जिसे पसंद न करने वाले लोग उन्हें कम ही मिले हैं। उन्होंने इसे एक बेहतरीन और कल्ट फिल्म बताया।

जैकी श्रॉफ के साथ काम करने की थी इच्छा

शरद केलकर ने बताया कि वह बचपन से ही जैकी श्रॉफ के प्रशंसक रहे हैं और उनके साथ काम करना चाहते थे। ‘काली खेती’ के जरिए उन्हें अपने पसंदीदा अभिनेता के साथ स्क्रीन साझा करने का मौका मिला। उन्होंने कहा कि जैकी श्रॉफ केवल एक अभिनेता के रूप में ही नहीं, बल्कि एक इंसान के तौर पर भी उन्हें पसंद हैं। दोनों के स्वभाव और आवाज में काफी समानता है। उनके मुताबिक, यह एक बेहतरीन संयोजन रहा और फिल्म की पूरी टीम के साथ काम करने का अनुभव शानदार रहा।

फिल्म के हर फ्रेम ने किया प्रभावित

‘काली खेती’ के तकनीकी और दृश्य पक्ष पर बात करते हुए शरद केलकर ने कहा कि फिल्म के हर फ्रेम में एक अलग ही खूबसूरती नजर आती है। उन्हें ऐसा महसूस हुआ कि दृश्यों को बेहतर दिखाने के लिए अतिरिक्त कलर ग्रेडिंग या कलर करेक्शन की जरूरत ही नहीं है। फिल्म जिस अंदाज में तैयार हुई है, वह अपने आप में प्रभावशाली है। उन्होंने इसे अपने लिए एक शानदार सिनेमाई अनुभव बताया।

Show More

Related Articles

Back to top button