साइबर ठगी पर लगेगी लगाम, दुर्ग-बालोद-बेमेतरा के लिए खुला नया साइबर थाना

दुर्ग। छत्तीसगढ़ में साइबर अपराधों पर लगाम लगाने और नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में दुर्ग पुलिस को नई सुविधाएं मिली हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को भिलाई के सेक्टर-6 में महिला थाना के समीप करीब 35 लाख रुपये की लागत से बने रेंज साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन भवन का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने रुआबांधा पुलिस चौकी का उद्घाटन भी किया और दुर्ग पुलिस के ‘संकल्प अभियान–नशा मुक्ति’ की शुरुआत की।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, दुर्ग सांसद विजय बघेल सहित जनप्रतिनिधि, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
दुर्ग, बालोद और बेमेतरा के साइबर मामलों की होगी जांच
नवीन रेंज साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन दुर्ग रेंज के तीन जिलों दुर्ग, बालोद और बेमेतरा में साइबर अपराधों की जांच करेगा। यहां ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया से जुड़े अपराध और अन्य तकनीक आधारित अपराधों की शिकायतों पर कार्रवाई की जाएगी। जटिल मामलों की विवेचना के साथ डिजिटल साक्ष्यों का वैज्ञानिक विश्लेषण भी किया जाएगा।
नए साइबर थाने से पीड़ितों को त्वरित सहायता मिलने और नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने भवन का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया और विजिटर बुक में शुभकामना संदेश दर्ज किया।
रुआबांधा पुलिस चौकी से मजबूत होगी सुरक्षा व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने रुआबांधा पुलिस चौकी का भी उद्घाटन किया। नई चौकी शुरू होने से क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी बढ़ेगी। इससे स्थानीय नागरिकों को पुलिस सेवाएं आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी और कानून-व्यवस्था मजबूत करने में सहायता मिलेगी।
नशे के खिलाफ तीन चरणों में चलेगा संकल्प अभियान
दुर्ग पुलिस के ‘संकल्प अभियान–नशा मुक्ति’ का पोस्टर जारी कर मुख्यमंत्री ने अभियान का शुभारंभ किया। इसके तहत जागरूकता, पुलिस कार्रवाई और उपचार एवं पुनर्वास को प्रमुख आधार बनाया गया है।
- जागरूकता एवं रोकथाम: गांवों, वार्डों, शिक्षण संस्थानों और परिवारों तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाया जाएगा।
- पुलिस कार्रवाई: मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- उपचार एवं पुनर्वास: नशे की गिरफ्त में आए लोगों को इलाज और पुनर्वास की सुविधाओं से जोड़ा जाएगा।
इस अभियान में जिला प्रशासन, शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग, सामाजिक संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
साइबर ठगी और नशे की सूचना के लिए हेल्पलाइन
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर 1930 पर शिकायत की जा सकती है। वहीं मानस हेल्पलाइन 1933 और एएनटीएफ दुर्ग हेल्पलाइन 94791-5151 के माध्यम से भी सहायता ली जा सकती है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अपना ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी या गोपनीय विवरण किसी से साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन पर सूचना दें। साथ ही नशे के अवैध कारोबार की जानकारी पुलिस को देने और नशे से प्रभावित लोगों को उपचार के लिए प्रेरित करने की अपील की गई है।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल, ललित चंद्राकर, रिकेश सेन, वैशाली नगर विधायक, कमिश्नर सत्यनारायण राठौर, दुर्ग रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य, जिला दंडाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग सहित वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



