कांग्रेस में शामिल होंगे रोहित पवार? महाराष्ट्र की सियासत में हलचल, इन 5 वजहों से तेज हुई अटकलें

अजित पवार विमान हादसे पर आक्रामक रुख, राहुल गांधी की तारीफ और डीके शिवकुमार से मुलाकात के दावों ने बढ़ाई चर्चा
मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के दोनों गुटों के बीच संभावित विलय और शरद पवार गुट के एनडीए के करीब जाने की चर्चाओं के बीच अब रोहित पवार को लेकर नई सियासी अटकलें तेज हो गई हैं। चर्चा है कि शरद पवार गुट के युवा नेता रोहित पवार कांग्रेस का दामन थाम सकते हैं। हालांकि, इस संबंध में उनकी ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन उनके हालिया बयानों, राजनीतिक गतिविधियों और पार्टी के भीतर कथित मतभेदों ने इन चर्चाओं को हवा दी है।
1. एनसीपी विलय और भाजपा से नजदीकी का विरोध
महाराष्ट्र में एनसीपी के दोनों गुटों के एक होने और शरद पवार गुट के एनडीए के करीब जाने की अटकलें लगातार लगाई जा रही हैं। रोहित पवार ने कई मौकों पर भाजपा की विचारधारा के साथ जाने का विरोध किया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि पार्टी भविष्य में सत्ता पक्ष के साथ जाने का फैसला करती है, तो रोहित पवार के सामने कांग्रेस एक संभावित राजनीतिक विकल्प हो सकती है।
2. अजित पवार विमान हादसे पर आक्रामक रुख
अजित पवार के विमान हादसे को लेकर रोहित पवार लगातार सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और विमानन कंपनी वीएसआर एविएशन को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। इस मामले में उनका आक्रामक रुख पार्टी के कुछ नेताओं को असहज कर रहा है। वहीं, पार्टी के अन्य नेताओं की अपेक्षाकृत संयमित प्रतिक्रिया के बीच रोहित का अलग रुख उनकी राजनीतिक स्थिति को लेकर चर्चा का विषय बना हुआ है।
3. राहुल गांधी के काम और विचारों की तारीफ
रोहित पवार ने एक मीडिया इंटरव्यू में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की तारीफ की थी। उन्होंने कहा था कि वह राहुल गांधी के काम करने के तरीके और अपने विचारों पर मजबूती से खड़े रहने की क्षमता से प्रभावित हैं। राहुल गांधी की आक्रामक विपक्षी राजनीति की सराहना को भी कांग्रेस से उनकी संभावित नजदीकी के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
4. डीके शिवकुमार से मुलाकात का दावा
रोहित पवार के कांग्रेस में शामिल होने की चर्चाओं को उस समय और हवा मिली, जब एनसीपी के प्रवक्ता उमेश पाटिल ने दावा किया कि रोहित पवार की कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार से गोपनीय मुलाकात हुई है। पाटिल ने यह भी दावा किया कि रोहित कांग्रेस में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं। हालांकि, इस मुलाकात और संभावित राजनीतिक बदलाव को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।
5. पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से कथित मतभेद
राजनीतिक गलियारों में रोहित पवार और एनसीपी (शरदचंद्र पवार) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले के बीच मतभेदों की चर्चाएं भी हो रही हैं। विरोधी नेताओं का दावा है कि रोहित की स्वतंत्र राजनीतिक गतिविधियों से पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेता नाराज हैं। इसके अलावा, उनके न्याय हक्क ट्रैक्टर मार्च से विदर्भ के कुछ स्थानीय पदाधिकारियों की दूरी को भी पार्टी के भीतर असहजता से जोड़कर देखा जा रहा है।
फिलहाल अटकलें, आधिकारिक घोषणा का इंतजार
रोहित पवार के कांग्रेस में शामिल होने की चर्चाओं के पीछे ये पांच प्रमुख वजहें बताई जा रही हैं। हालांकि, अभी तक रोहित पवार या कांग्रेस नेतृत्व की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर तस्वीर साफ होने के लिए आने वाले दिनों का इंतजार करना होगा।



