अपराध

सट्टे में डूबा 70 लाख, फिर उजड़ गया पूरा परिवार! एसआईटी जांच में चौंकाने वाला खुलासा

रायपुर। राजधानी रायपुर के संजयनगर स्थित मदनी चौक में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत के मामले में करीब सात महीने बाद जांच के दौरान चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। विशेष जांच दल (एसआईटी) की जांच के आधार पर पुलिस ने परिवार के मुखिया साजिद अली के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज किया है। जांच में आशंका जताई गई है कि साजिद ने पहले अपनी पत्नी और तीन बच्चों को खाने-पीने की चीजों में कीटनाशक मिलाकर दिया और बाद में खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

सट्टे के कारोबार में हुआ था आर्थिक नुकसान

एसआईटी की जांच के अनुसार, साजिद अली सट्टे के कारोबार से जुड़ा हुआ था। वह गोलबाजार और डगनिया क्षेत्र में मोबाइल के माध्यम से सट्टा खिलाता था। कारोबार में नुकसान और आर्थिक तंगी के कारण वह परेशान चल रहा था। पुलिस द्वारा बैंक खातों की जांच में पिछले पांच वर्षों के दौरान करीब 70 लाख रुपये के लेनदेन की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि सट्टे का कारोबार बंद होने के बाद उसकी आर्थिक स्थिति और बिगड़ गई थी।

घटना वाले दिन बेटे को दो बार किया था फोन

जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन साजिद ने अपने बेटे इरशाद को दो बार फोन कर घर बुलाया था। वह अपने साथ मिठाई और खाना भी लेकर आया था। पुलिस जांच के मुताबिक, इसके बाद उसने खाने-पीने की चीजों में कीटनाशक मिलाकर पत्नी राबिया और तीन बच्चों को खिला दिया। सीसीटीवी फुटेज में सुबह 10 बजकर 18 मिनट पर साजिद आखिरी बार घर का दरवाजा बंद करते हुए दिखाई दिया।

जांच में यह बात भी सामने आई कि घटना से करीब ढाई महीने पहले साजिद ने एक परिचित से परिवार के साथ संबंध अच्छे नहीं होने और जीवन से निराश होने की बात कही थी। पुलिस इन सभी तथ्यों को मामले की परिस्थितियों से जोड़कर जांच कर चुकी है।

पांच महीने की जांच के बाद हत्या का मामला दर्ज

करीब पांच महीने तक चली जांच के बाद टिकरापारा पुलिस ने साजिद अली के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज किया है। एसआईटी की जांच में मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस ने इस घटना को परिवार के चार सदस्यों की हत्या और मुखिया की आत्महत्या के मामले के रूप में सामने रखा है।

17 जुलाई को एक ही मकान में मिले थे पांच शव

गौरतलब है कि 17 जुलाई को टिकरापारा थाना क्षेत्र के संजयनगर स्थित मदनी चौक में किराए के मकान से एक ही परिवार के पांच लोगों के शव मिले थे। मृतकों की पहचान 50 वर्षीय साजिद अली, उसकी पत्नी राबिया और तीन बच्चों इरशाद अली, शाहिदा बेगम तथा इरशाबा परवीन के रूप में हुई थी। साजिद का शव फांसी पर लटका मिला था, जबकि परिवार के अन्य सदस्यों के शव घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिले थे। घटना के बाद से ही पुलिस मामले की जांच कर रही थी।

Show More

Related Articles

Back to top button