हमर छत्तीसगढ़

त्योहारों से पहले रायपुर पुलिस का विशेष अभियान, 91 आरोपी गिरफ्तार; 52 वारंट तामील

रायपुर। आगामी त्योहारों के मद्देनजर शहर में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के पश्चिम क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया। 4 से 10 नवंबर 2026 तक चले इस अभियान में अवैध शराब, नशे के कारोबार, हथियार रखने, जुआ खेलने और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने अभियान के दौरान 91 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि 135 लोगों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। इसके साथ ही 52 स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटों की तामिली भी की गई।

पुलिस उपायुक्त पश्चिम क्षेत्र रॉबिन्सन गुरिया के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा की मॉनिटरिंग में यह अभियान संचालित किया गया। इसमें पुरानी बस्ती, डी.डी. नगर, आमानाका, आजाद चौक, सरस्वती नगर, कबीर नगर, न्यू राजेन्द्र नगर, टिकरापारा और मुजगहन थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने कार्रवाई की।

जुआ और अवैध शराब के मामलों में सबसे ज्यादा कार्रवाई

अभियान के दौरान जुआ खेलने और खिलाने वालों के खिलाफ 22 प्रकरण दर्ज कर 73 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 62 हजार 900 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश जब्त की गई।

अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत 9 प्रकरण दर्ज किए गए। इस कार्रवाई में 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 75.24 लीटर शराब जब्त की गई।

हथियार और गांजा रखने वालों पर भी शिकंजा

आर्म्स एक्ट के तहत अवैध हथियार रखने और लेकर घूमने वालों के खिलाफ 8 प्रकरणों में 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 7 चाकू और एक देशी कट्टा बरामद किया गया।

वहीं, मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत एक प्रकरण दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 1.724 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया।

135 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, 52 वारंटों की तामिली

पुलिस ने फरार वारंटियों की धरपकड़ करते हुए 13 स्थायी वारंट और 39 गिरफ्तारी वारंट समेत कुल 52 वारंटों की तामिली की। इसके अलावा शांति और कानून व्यवस्था भंग होने की आशंका के मद्देनजर 135 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।

त्योहारों तक जारी रहेगी निगरानी और चेकिंग

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के पश्चिम क्षेत्र ने स्पष्ट किया है कि शहर में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। अपराधियों और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस पेट्रोलिंग, निगरानी और सघन चेकिंग भी करेगी।

Show More

Related Articles

Back to top button