भारतव्यापार जगत

महंगाई का झटका: दूध से लेकर घी, साबुन और सिगरेट तक के बढ़े दाम, आम आदमी की जेब पर बढ़ेगा बोझ

नई दिल्ली। देश में महंगाई का असर अब रोजमर्रा की जरूरतों पर साफ दिखाई देने लगा है। पिछले दो महीनों में कई बड़ी कंपनियों ने अपने उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी की है। दूध, दही, घी, मक्खन से लेकर साबुन, डिटर्जेंट और सिगरेट तक महंगे हो गए हैं। इसके अलावा कमर्शियल एलपीजी और विमान ईंधन की कीमतों में भी इजाफा हुआ है। हालांकि, इन कीमतों में बढ़ोतरी फिलहाल देशभर में एक समान लागू नहीं हुई है और इसका असर अलग-अलग शहरों और राज्यों तक सीमित है।

दूध के दाम में 4 रुपये तक की बढ़ोतरी

डेयरी कंपनियों ने दूध की कीमतों में इजाफा किया है। मदर डेयरी ने 12 नवंबर से दिल्ली-एनसीआर में दूध के दाम 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ा दिए हैं। इसके बाद टोंड दूध 60 से बढ़कर 62 रुपये, फुल क्रीम दूध 72 से 76 रुपये और डबल टोंड दूध 54 से 56 रुपये प्रति लीटर हो गया है। वहीं गाय के दूध की कीमत 62 से बढ़कर 65 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है।

अमूल ने भी 12 नवंबर से अपने ताजा पैकेट वाले दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की है। अमूल ताजा 2 रुपये और अमूल गोल्ड 4 रुपये प्रति लीटर महंगा हुआ है। वहीं कर्नाटक में नंदिनी दूध की कीमतें 1 नवंबर से 8 से 12 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ाई गई हैं।

घी और मक्खन खरीदना भी हुआ महंगा

डेयरी उत्पादों की कीमतों में भी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। अमूल ने एक किलो घी के कार्टन की कीमत 630 से बढ़ाकर 680 रुपये कर दी है। वहीं 500 ग्राम शुद्ध घी का पैक 325 से 345 रुपये और 500 ग्राम मक्खन का पैक 310 से 325 रुपये हो गया है।

बेंगलुरु में नंदिनी का एक लीटर घी 715 से बढ़कर 850 रुपये पहुंच गया है। इसके अलावा 500 ग्राम नमकीन मक्खन की कीमत 310 से बढ़कर 380 रुपये हो गई है। तमिलनाडु में आविन ने भी घी के दाम बढ़ाए हैं। यहां 100 एमएल घी 80 से 95 रुपये और 200 एमएल घी 160 से 180 रुपये का हो गया है।

साबुन और डिटर्जेंट के दाम भी बढ़े

रोजाना इस्तेमाल होने वाले घरेलू उत्पाद भी महंगाई की चपेट में हैं। हिंदुस्तान यूनिलीवर ने सर्फ एक्सेल, रिन, व्हील और मोती साबुन सहित कई उत्पादों की कीमतें बढ़ाई हैं।

सर्फ एक्सेल क्विक वॉश का एक किलो पैक 235 से बढ़कर 245 रुपये और ईजी वॉश 167 से 172 रुपये हो गया है। वहीं मोती गुलाब साबुन की कीमत 74 से बढ़कर 82 रुपये पहुंच गई है। कंपनी के कुछ अन्य उत्पादों की कीमतों में भी 1 से 10 रुपये तक की बढ़ोतरी बताई गई है।

सिगरेट के पैकेट पर भी बढ़ा खर्च

आईटीसी ने गोल्ड फ्लेक प्रीमियम की 10 सिगरेट वाली पैकिंग की कीमत 125 से बढ़ाकर 135 रुपये कर दी है। इससे पहले जून में भी इसकी कीमत 115 से बढ़ाकर 125 रुपये की गई थी। इस तरह साल 2026 में अब तक इस पैक की कीमत में कुल 20 रुपये का इजाफा हो चुका है।

कमर्शियल गैस और हवाई ईंधन भी महंगा

ईंधन की कीमतों में भी बढ़ोतरी का असर देखने को मिला है। दिल्ली में 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत अक्टूबर में 62.50 रुपये और नवंबर में 10 रुपये बढ़ाई गई। सितंबर में इसकी कीमत 2,747.50 रुपये थी, जो अब बढ़कर 2,820 रुपये हो गई है। हालांकि घरेलू इस्तेमाल वाले 14.2 किलो सिलेंडर की कीमत 942 रुपये पर बरकरार है।

विमानों में इस्तेमाल होने वाले एटीएफ यानी एविएशन टर्बाइन फ्यूल की कीमत नवंबर में 1.37 रुपये प्रति लीटर बढ़कर 138.50 रुपये हो गई है। इससे पहले अक्टूबर में भी इसमें करीब 16 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई थी।

सूखे मेवों की कीमतों में भी तेजी

सूखे मेवों की कीमतों में भी पिछले साल के मुकाबले तेजी दर्ज की गई है। पिस्ता 60 से 70 प्रतिशत, बादाम 20 से 40 प्रतिशत और काजू 5 से 8 प्रतिशत तक महंगे हुए हैं। वहीं किशमिश के दाम 2 से 5 प्रतिशत, खजूर के 5 से 10 प्रतिशत और सूखे अंजीर के दाम 5 से 15 प्रतिशत तक बढ़े हैं।

घरेलू बजट पर बढ़ सकता है दबाव

दूध, घी, मक्खन और साबुन जैसी रोजमर्रा की वस्तुओं के महंगे होने से आम परिवारों का मासिक खर्च बढ़ सकता है। वहीं कमर्शियल गैस और विमान ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी का असर कारोबार और परिवहन लागत पर भी पड़ने की आशंका है। हालांकि, अलग-अलग उत्पादों की कीमतों में हुई बढ़ोतरी का असर फिलहाल क्षेत्रीय स्तर पर अलग-अलग है। ऐसे में उपभोक्ताओं को खरीदारी करते समय अपने शहर में लागू कीमतों पर ध्यान देना होगा।

Show More

Related Articles

Back to top button