हमर छत्तीसगढ़

महानदी का बढ़ा जलस्तर, बाढ़ के खतरे के बीच 3 दर्जन गांवों में अलर्ट

 

महासमुंद। जिले में पिछले दो दिनों से जारी बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ है। लगातार बारिश के बीच महानदी का जलस्तर भी बढ़ रहा है। नदी-नाले उफान पर हैं, जिससे नदी किनारे और निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। गंगरेल बांध के 21 में से 12 गेट खोले जाने के बाद महानदी में पानी का प्रवाह बढ़ा है। हालात को देखते हुए प्रशासन ने नदी किनारे बसे करीब तीन दर्जन गांवों में अलर्ट जारी किया है।

बम्हनी में शराब दुकान पानी से घिरी, दो सुरक्षाकर्मियों का रेस्क्यू

जिला मुख्यालय से करीब 7 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत बम्हनी में स्थित सरकारी शराब दुकान चारों ओर से बाढ़ के पानी से घिर गई। यहां सुरक्षा में तैनात छगन लाल कुर्रे और ईद कुमार टंडन पानी बढ़ने के कारण अंदर फंस गए। बाहर निकलने का रास्ता बंद होने पर दोनों ने वीडियो बनाकर अपनी स्थिति की जानकारी दी।

वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन को घटना की जानकारी मिली। इसके बाद नगर सेना की टीम को मौके पर भेजा गया। राहत और बचाव अभियान चलाकर दोनों सुरक्षाकर्मियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

वहीं, ग्राम मुढ़ेना की पत्थर खदान में फंसे 60 वर्षीय छुन्नू यादव को भी नगर सेना की टीम ने रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला।

महानदी किनारे तीन दर्जन गांवों में अलर्ट

महानदी का जलस्तर बढ़ने और लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन ने नदी किनारे बसे करीब तीन दर्जन गांवों में अलर्ट जारी किया है। ग्रामीणों को नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है। निचले इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है और राहत-बचाव दलों को सतर्क रखा गया है।

जिले में औसत से 24.6 फीसदी ज्यादा बारिश

26 सितंबर 2026 की दैनिक वर्षा रिपोर्ट के अनुसार, जिले में 1 जून से अब तक 1241.7 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है। यह पिछले 10 वर्षों के औसत 996.0 मिमी की तुलना में 24.6 फीसदी अधिक है।

सरायपाली में 1359.0 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि 10 वर्षों का औसत 938.4 मिमी है। पिथौरा में 1427.0 मिमी बारिश हुई है, जो औसत से 137 फीसदी अधिक बताई गई है। इसके अलावा कोमाखान, बागबाहरा, बसना और महासमुंद तहसील में भी बारिश 10 वर्षीय औसत से ज्यादा रही है।

एक दिन में छह तहसीलों में 225.3 मिमी बारिश

26 सितंबर को जिले की छह तहसीलों में कुल 225.3 मिमी बारिश दर्ज की गई। बागबाहरा में 57.1 मिमी, कोमाखान में 56.1 मिमी, पिथौरा में 37.8 मिमी, महासमुंद में 36.1 मिमी, सरायपाली में 21.0 मिमी और बसना में 17.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

प्रशासन ने लोगों से नदी और नालों के आसपास जाने से बचने तथा जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। मौसम की स्थिति को देखते हुए राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

Show More

Related Articles

Back to top button