छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का बड़ा मौका, बिजली कंपनियों में 1501 पदों पर होगी भर्ती

कनिष्ठ अभियंता और डाटा एंट्री ऑपरेटर के सबसे ज्यादा पद; 6 नवंबर से ऑनलाइन आवेदन शुरू, 26 नवंबर तक कर सकेंगे अप्लाई
रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज की तीनों कंपनियों में बड़े पैमाने पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। जनरेशन, ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों में कुल 1501 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए विस्तृत विज्ञापन जारी कर दिया गया है। इस भर्ती के जरिए प्रदेश के युवाओं को सरकारी क्षेत्र में रोजगार पाने का सुनहरा अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर जारी इस भर्ती प्रक्रिया में द्वितीय श्रेणी के 195 पद और तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के कुल 1306 पद शामिल हैं। भर्ती में सबसे अधिक अवसर कनिष्ठ अभियंता (जूनियर इंजीनियर) और डाटा एंट्री ऑपरेटर के पदों पर दिए गए हैं।
कनिष्ठ अभियंता के 167 और डाटा एंट्री ऑपरेटर के 609 पद
भर्ती विज्ञापन के अनुसार कनिष्ठ अभियंता (इलेक्ट्रिकल) के कुल 167 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें जनरेशन कंपनी के 11, ट्रांसमिशन कंपनी के 32 और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के 124 पद शामिल हैं।
इसी तरह डाटा एंट्री ऑपरेटर के कुल 609 पद निर्धारित किए गए हैं। इनमें जनरेशन कंपनी के 95, ट्रांसमिशन कंपनी के 64 और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के 450 पद शामिल हैं। अन्य पदों का विवरण विस्तृत भर्ती विज्ञापन में उपलब्ध कराया गया है।
26 नवंबर तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन, ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के विभिन्न पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 6 नवंबर 2026 को शाम 8 बजे से शुरू हो चुकी है। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 26 नवंबर 2026 की रात 11:55 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन शुल्क भी निर्धारित समय सीमा के भीतर नेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड और यूपीआई के माध्यम से जमा किया जा सकेगा।
इस भर्ती के लिए इससे पहले 7 अगस्त 2026 को प्रारंभिक विज्ञापन जारी किया गया था। इसके बाद 14 सितंबर 2026 को संशोधन किया गया और अब विस्तृत भर्ती विज्ञापन जारी किया गया है।
तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के लिए छत्तीसगढ़ के मूल निवासी पात्र
भर्ती विज्ञापन के अनुसार तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के पदों के लिए केवल छत्तीसगढ़ के मूल निवासी अभ्यर्थी ही आवेदन कर सकेंगे। प्रत्येक पद के लिए आवश्यक शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य पात्रता संबंधी शर्तों की जानकारी विस्तृत विज्ञापन में दी गई है। अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले संबंधित पद की पात्रता शर्तों का ध्यानपूर्वक अध्ययन करने की सलाह दी गई है।
आवेदन में बतानी होगी कंपनी की प्राथमिकता
तीनों बिजली कंपनियों के साझा पदों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को आवेदन के दौरान कंपनियों की प्राथमिकता का क्रम भी बताना होगा। अंतिम चयन के बाद अभ्यर्थियों को उनकी मेरिट, आवेदन में दी गई प्राथमिकता और संबंधित कंपनी में उपलब्ध रिक्तियों के आधार पर कंपनी आवंटित की जाएगी।
इस भर्ती से प्रदेश के बड़ी संख्या में युवाओं को सरकारी नौकरी पाने का अवसर मिलेगा। इच्छुक अभ्यर्थी अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।



