भारत

दिल्ली में प्रदूषण का कहर: AQI 450 के पार, कई इलाकों में हवा हुई जहरीली; GRAP-2 लागू, जानें क्या रहेंगी पाबंदियां

नई दिल्ली। दिवाली से पहले ही राजधानी दिल्ली की हवा जहरीली होती जा रही है। वायु प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 400 के पार पहुंच गया है। हालात की गंभीरता को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने दिल्ली-एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के दूसरे चरण को लागू कर दिया है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मंगलवार सुबह 8:30 बजे के आंकड़ों के मुताबिक, जहांगीरपुरी में सबसे अधिक 451 AQI दर्ज किया गया। वहीं रोहिणी में 431, पंजाबी बाग में 424, अलीपुर में 415, विवेक विहार में 411, बवाना और डीटीयू में 409 तथा नरेला में 408 AQI रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा दिल्ली के 20 से अधिक इलाकों में प्रदूषण का स्तर 300 से 400 के बीच बना हुआ है।

यमुना में भी बढ़ा प्रदूषण, छठ से पहले चिंता

दिल्ली की हवा के साथ यमुना नदी का पानी भी प्रदूषण की चपेट में है। कालिंदी कुंज के पास नदी में एक बार फिर जहरीले सफेद झाग दिखाई देने लगे हैं। छठ पर्व को देखते हुए प्रशासन ने झाग हटाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। इसके लिए नदी में केमिकल का छिड़काव किया जा रहा है।

GRAP-2 में क्या रहेंगी पाबंदियां?

GRAP-2 लागू होने के बाद प्रदूषण नियंत्रण के लिए कई कदम उठाए जाएंगे। इसके तहत प्रमुख सड़कों पर मशीनों से सफाई और पानी का छिड़काव बढ़ाया जाएगा। निर्माण स्थलों और प्रदूषण वाले हॉटस्पॉट पर धूल रोकने के उपाय तेज किए जाएंगे। खुले में कचरा और लकड़ी जलाने पर रोक के नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा।

निजी वाहनों की जगह मेट्रो-बस इस्तेमाल करने की अपील

प्रशासन ने लोगों से निजी वाहनों का कम इस्तेमाल करने और सार्वजनिक परिवहन जैसे बस व मेट्रो से सफर करने की अपील की है। इसके अलावा कार्यालयों में वर्क फ्रॉम होम के विकल्प को बढ़ावा देने की सलाह दी गई है। यात्रियों की सुविधा के लिए दिल्ली मेट्रो ने 20 अतिरिक्त फेरे चलाने की घोषणा भी की है।

CPCB के मानकों के अनुसार 301 से 400 के बीच AQI को बेहद खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर श्रेणी में रखा जाता है। ऐसे में दिल्ली के कई इलाकों में हालात चिंताजनक बने हुए हैं। आने वाले दिनों में भी प्रदूषण से राहत मिलने की संभावना कम बताई जा रही है।

Show More

Related Articles

Back to top button