भारत

गाजियाबाद-नई दिल्ली सेक्शन पर मालगाड़ी बेपटरी, रेल यातायात ठप; 53 ट्रेनों पर असर

मंगलवार सुबह दिल्ली-एनसीआर के सबसे व्यस्त रेल मार्गों में से एक पर बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। दिल्ली मंडल के गाजियाबाद और नई दिल्ली सेक्शन के बीच एक मालगाड़ी के छह डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए, जिससे गाजियाबाद-दिल्ली रेल मार्ग पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है।

घटना की जानकारी मिलते ही डिवीजनल रेलवे मैनेजर (DRM), एडिशनल डिवीजनल रेलवे मैनेजर (ADRM) समेत रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। रेलवे की तकनीकी और राहत टीमों को तुरंत ट्रैक की मरम्मत और पटरी से उतरे डिब्बों को हटाने के काम में लगा दिया गया, ताकि जल्द से जल्द रेल यातायात सामान्य किया जा सके।

53 ट्रेनें प्रभावित, कई रद्द और डायवर्ट

हादसे के चलते गाजियाबाद, साहिबाबाद, दिल्ली और नई दिल्ली के बीच चलने वाली कई ईएमयू (EMU) लोकल ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। रेलवे के अनुसार, कुल 53 ट्रेनें इस घटना से प्रभावित हुई हैं। इनमें 24 ट्रेनों का रूट बदला गया है, जबकि 16 पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया गया। इसके अलावा पांच ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द किया गया और आठ ट्रेनों को रेगुलेट किया गया।

मुरादाबाद मंडल और नॉर्थ सेंट्रल रेलवे की ओर से आनंद विहार आने वाली कई ट्रेनों का भी संचालन प्रभावित हुआ। कुछ ट्रेनों को नई दिल्ली की बजाय गाजियाबाद से संचालित किया जा रहा है। वहीं, सहारनपुर-दिल्ली पैसेंजर ट्रेन को साहिबाबाद-दिल्ली सराय रोहिल्ला मार्ग से डायवर्ट किया गया है। अलीगढ़ और पलवल रूट की कई ट्रेनों के समय और संचालन में भी बदलाव किया गया है।

प्रमुख प्रभावित ट्रेनें

  • 64437 गाजियाबाद-दिल्ली – रद्द
  • 64402 दिल्ली-साहिबाबाद – रद्द
  • 64411 साहिबाबाद-दिल्ली – रद्द
  • 64408 दिल्ली-गाजियाबाद – रद्द
  • 64423 गाजियाबाद-नई दिल्ली – रद्द
  • 64430 नई दिल्ली-गाजियाबाद – रद्द
  • 64425 गाजियाबाद-नई दिल्ली – रद्द
  • 64432 नई दिल्ली-गाजियाबाद – रद्द
  • 64104 नई दिल्ली-DKDE – गाजियाबाद से संचालित
  • 64109 DKDE-SSB – गाजियाबाद में समाप्त
  • 64112 SSB-DKDE – गाजियाबाद से संचालित
  • 64152 दिल्ली-अलीगढ़ जंक्शन – गाजियाबाद से संचालित
  • 64053 पलवल-गाजियाबाद – नई दिल्ली में समाप्त
  • 64031 गाजियाबाद-साहिबाबाद – रद्द
  • 54474 सहारनपुर-दिल्ली – साहिबाबाद-दिल्ली सराय रोहिल्ला मार्ग से डायवर्ट

यात्रियों से अपील

सुबह के व्यस्त समय में हुए इस हादसे के कारण दिल्ली-एनसीआर के हजारों दैनिक यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नॉर्दर्न रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे स्टेशन के लिए निकलने से पहले नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (NTES) या रेलवे के आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर अपनी ट्रेन का ताजा स्टेटस जरूर जांच लें।

फिलहाल रेलवे की टीमें प्रभावित ट्रैक को जल्द से जल्द दुरुस्त कर सामान्य रेल संचालन बहाल करने के लिए लगातार काम कर रही हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button