भारत

जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश का कहर: पुंछ में भूस्खलन से 7 की मौत, अब तक 17 मृत; CM उमर अब्दुल्ला ने किया मुआवजे का ऐलान

जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश तबाही का कारण बन रही है। पुंछ जिले के लोरान गांव में मंगलवार को भूस्खलन की चपेट में आने से मिट्टी का एक मकान ढह गया, जिसमें दबकर कम से कम सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में चार महिलाएं भी शामिल हैं। घटना के बाद राहत एवं बचाव अभियान जारी है और मलबे में फंसे लोगों की तलाश के लिए टीमें मौके पर तैनात हैं।

अधिकारियों के अनुसार, पुंछ जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण कई स्थानों पर अचानक बाढ़ और भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। जिले में अब तक बारिश से जुड़ी विभिन्न घटनाओं में 17 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि छह अन्य लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने किया मुआवजे का ऐलान

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला लगातार हालात की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों को तत्काल राहत के तौर पर प्रत्येक परिवार को 6 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इसमें 4 लाख रुपये स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फंड (SDRF) और 2 लाख रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष (CMRF) से दिए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता लोगों की जान बचाना और प्रभावित परिवारों तक हरसंभव मदद पहुंचाना है। उन्होंने स्थानीय विधायकों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर जारी बयान में उन्होंने कहा कि सरकार बारिश और फ्लैश फ्लड से प्रभावित लोगों की हरसंभव सहायता करेगी तथा जिनकी संपत्ति को नुकसान पहुंचा है, उन्हें भी राहत उपलब्ध कराई जाएगी।

कई जिलों में अलर्ट, 23 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी

जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश का सिलसिला जारी है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने जम्मू संभाग के पुलों, नदियों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सिविल डिफेंस कर्मियों की तैनाती की है। लोगों से अपील की गई है कि वे नदी-नालों और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से दूर रहें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 23 जुलाई तक जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है। विभाग ने जम्मू, कठुआ, सांबा, राजौरी, डोडा, रामबन, किश्तवाड़, रियासी और उधमपुर जिलों के लिए अलर्ट जारी करते हुए अचानक बाढ़ और भूस्खलन की आशंका व्यक्त की है।

Show More

Related Articles

Back to top button